Alpha Box Office Collection Day 8: आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और बॉबी देओल स्टारर फिल्म 'अल्फा' एक एक्शन-स्पाई थ्रिलर फिल्म है. सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों का कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिला. इसे दर्शकों का मिला-जुला और कुछ हद तक नेगेटिव रिएक्शन मिला है. इतना ही नहीं, फिल्म की कमाई में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. दूसरी ओर, 10 जुलाई को 'धमाल 4' की रिलीज के बाद 'अल्फा' की कमाई पर बड़ा असर पड़ा है और शुक्रवार को इसके कलेक्शन में अच्छी-खासी गिरावट देखने को मिली. आइए जानते हैं कि फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन कितना कारोबार किया.
शुरुआती दिनों में अल्फा ने कमाए इतने करोड़
दरअसल, सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 'अल्फा' ने ओपनिंग डे पर 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इसके बाद दूसरे दिन 11.50 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 13.25 करोड़ रुपये, चौथे दिन 3.85 करोड़ रुपये, पांचवें दिन 4.25 करोड़ रुपये, छठे दिन 2.85 करोड़ रुपये और सातवें दिन 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया.
8वें दिन अल्फा ने किया इतना कलेक्शन
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने शुक्रवार को 1.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को फिल्म की कमाई में करीब 1 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी केवल 12 प्रतिशत रही और इसके कुल 4,831 शो चले. इसके साथ ही फिल्म ने भारत में आठ दिनों में कुल 49.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 82.06 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
धमाल 4 ने बिगाड़ा अल्फा का खेल
बता दें कि 'अल्फा' की कमाई पर 'धमाल 4' की रिलीज का साफ असर देखने को मिला है. 'धमाल 4', पॉपुलर 'धमाल' फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त है, जिसे लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी एक्साइटमेंट थी. ऐसे में फिल्म की रिलीज के बाद 'अल्फा' के दर्शक बंट गए, जिसका असर इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर पड़ा. वहीं, 'धमाल 4' ने ओपनिंग डे पर 13.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की.
फिल्म में नजर आए ये कलाकार
'अल्फा' में आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसके अलावा, फिल्म में ऋतिक रोशन ने कैमियो रोल निभाया है.
यह भी पढ़ें- Dhamaal 4 Box Office Collection Day 1: ओपनिंग डे पर अजय देवगन की ‘धमाल 4’ ने दिखाया कमाल, पहले दिन की ताबड़तोड़ कमाई