Honey Singh: मशहूर रैपर और म्यूजिक कंपोजर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जालंधर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में हनी सिंह के भतीजे विदित औलक (Vidit Aulakh) की असमय मौत हो गई है. इस खबर से टूट चुके हनी सिंह ने इंस्टा स्टोरी पर अपना दर्द बयां करते हुए इसे अपने जीवन का "काला दशक" करार दिया है. वहीं, पंजाबी स्टार गिप्पी ग्रेवाल (Gippy Grewal) ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलि दी है.
हनी सिंह ने इंस्टा स्टोरी पर बयां किया गहरा दर्द
भतीजे की मौत से बेहद दुखी हनी सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा- "यह मेरे लिए एक काला दशक है. मेरा भतीजा मुझसे दूर हो गया, यह तकलीफों का पहाड़ टूटने जैसा है. भोले नाथ.. मेहर.. मेहर… मेहर."
जालंधर में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
यह हादसा पंजाब के जालंधर स्थित पुलिस लाइंस इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ. बर्थडे पार्टी से लौट रहे विदित औलक की गाड़ी सड़क पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें उनकी जान चली गई.
स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक के बेटे थे विदित औलक
मृतक विदित औलक प्रसिद्ध पंजाबी म्यूजिक कंपनी 'स्पीड रिकॉर्ड्स' के मालिक दिनेश औलक के बेटे थे. हादसे के वक्त कार में उनके साथ दो अन्य दोस्त भी सवार थे, जिनमें से एक की पहचान पैपी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवार के रूप में हुई है.
गिप्पी ग्रेवाल ने सोशल मीडिया पर जताया शोक
पंजाबी एक्टर और सिंगर गिप्पी ग्रेवाल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर परिवार के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने लिखा कि विदित के अचानक जाने के दुख को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं और वाहेगुरु पूरे औलक परिवार को यह दुख सहने की हिम्मत दें.
मॉडल टाउन जालंधर में होगा अंतिम संस्कार
गिप्पी ग्रेवाल ने अपनी पोस्ट के जरिए अंतिम संस्कार की जानकारी साझा करते हुए बताया कि विदित औलक का अंतिम संस्कार मॉडल टाउन, जालंधर स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा.