Yeh Prem Mol Liya Trailer Out: फैमिली-फ्रेंडली और ग्रैंड फिल्मों के उस्ताद फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या (Sooraj Barjatya) एक बार फिर अपने चहेते किरदार 'प्रेम' को बड़े पर्दे पर लौटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उनकी मच अवेटेड फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' (Ye Prem Mol Liya) का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फ्रेश जोड़ी ने स्क्रीन पर आते ही तहलका मचा दिया है. दोस्ती से शुरू होकर परिवार और संघर्षों के बीच उलझती इस अनोखी लव स्टोरी में दोनों की शानदार केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया है.

दोस्ती से शुरू होकर पारिवारिक उलझनों तक पहुंचती है कहानी

फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की शादी के एक खूबसूरत दृश्य से होती है, लेकिन इसके पीछे के संघर्ष को धीरे-धीरे उजागर किया जाता है. शरवरी एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखती हैं जहां केवल महिलाएं हैं और घर की सारी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है. वहीं, आयुष्मान यानी फिल्म के 'प्रेम' अपने प्यार को पाने और निभाने के लिए शादी के बाद अपने पूरे परिवार के साथ शरवरी के घर में ही रहने का फैसला करते हैं, जिससे कहानी में दिलचस्प मोड़ आते हैं.

सूरज बड़जात्या के सिग्नेचर स्टाइल की झलक

सूरज बड़जात्या की फिल्मों की सबसे बड़ी खासियत उनका पारिवारिक ताना-बाना होता है. इस फिल्म में भी रिश्तों की अहमियत, इमोशन्स, प्यार और हल्की-फुल्की कॉमेडी का परफेक्ट मिश्रण देखने को मिल रहा है. ट्रेलर देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह सिर्फ एक हीरो-हीरोइन की प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि पूरे परिवार के जुड़ाव और भावनाओं की एक खूबसूरत दास्तान है.

आयुष्मान और शरवरी की फ्रेश केमिस्ट्री ने मोहा मन

पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आ रहे आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की ऑन-स्क्रीन जोड़ी बेहद कमाल की लग रही है. शरवरी का देसी और जिम्मेदार अंदाज तथा आयुष्मान का चार्म दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है. इसके अलावा फिल्म का पहले रिलीज हुआ गाना 'छठी मैया' भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा है.

दमदार स्टार कास्ट से सजी है यह फिल्म

फिल्म में मुख्य जोड़ी के अलावा बॉलीवुड के कई दिग्गज और मंजे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. कलाकारों की इस लंबी फेहरिस्त में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी और राजेश कुमार जैसे शानदार नाम शामिल हैं.

27 नवंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी यह पारिवारिक और मनोरंजक फिल्म इसी महीने 27 नवंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है. ट्रेलर को मिल रहे पॉजिटिव रिस्पॉन्स को देखते हुए ट्रेड एनालिस्ट्स को उम्मीद है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन करेगी.