Sonu Nigam on Surgery Viral Video: बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम इस समय अपनी एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं. दरअसल, रविवार को सोनू निगम ने अपनी एक वीडियो शेयर की, जिसमें सिंगर ऑपरेशन टेबल पर लेटे हुए सर्जरी के दौरान डॉक्टरों के बीच दिवंगत गायक मोहम्मद रफी का गाना 'सुहानी रात ढल चुकी' गाते हुए दिखाई दे रही हैं. सोशल मीडिया पर ये वीडियो अपलोड होते ही आग की तरह वायरल हो गई. कुछ लोगों ने सोनू निगम की तारीफ की, तो वहीं, लोगों ने उनकी तबियत को लेकर चिंता जाहिर की. अब इस वायरल वीडियो को लेकर खुद सोनू निगम का बयान सामने आया है. चलिए जानते हैं कि आखिर उन्होंने क्या कुछ बताया है.

सोनू निगम की सर्जरी

सोनू निगम ने एचटी सिटी को दिए एक इंटरव्यू में अपनी सर्जरी के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि उनकी बाए हाथ की अनामिका उंगली पर बार-बार गांठ हो जा रही है और इसी की सर्जरी करवा रहें थे. सोनू ने कहा, 'यह कुछ समय से हो रहा है. चार महीने पहले मेरी सर्जरी हुई थी, लेकिन यह फिर से उभर आया है. मुझे लगता है कि ये मेरी हड्डियों की गठिया की समस्या से जुड़ा है. इसकी सर्जरी हो गई है. हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा. यह दूसरी बार उभर आ रहा है या नहीं.'

---विज्ञापन---

ऑपरेशन थिएटर में गाना बस यूं ही…

अपने वायरल वीडियो के बारे में पूरी सच्चाई बताते हुए सोनू ने कहा, 'ऑपरेशन थिएटर में गाना बस यूं ही शुरू हो गया. डॉ. नीलेश साथभाई मेरे फैंस हैं और वो सर्जरी के दौरान मेरे गाने बजा रहे थे. उन्होंने बताया कि बज रहे गाने उनके एल्बम 'रफी रिसरेक्टेड' के थे. जिसे उन्होंने सिटी ऑफ बर्मिंघम सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा के साथ बनाया था और जिसमें उन्होंने दिग्गज गायक के गानों को नए अंदाज में पेश किया था. “सर्जरी के दौरान, कुछ गानों के बीच में कुछ गाने बिना आवाज के बजने लगे. क्योंकि गाना बज रहा था, लेकिन आवाज नहीं थी. तो, यूं ही, मैंने गाना शुरू कर दिया.'

मैंने उनके लिए दो-तीन गाने गाए…

सोनू ने आगे कहा, 'उन्हें मेरा गाना बहुत पसंद आया. उन्होंने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि कोई मरीज सर्जरी के दौरान डॉक्टरों के लिए गाना गाए. मुझे भी बहुत अच्छा लगा क्योंकि ये गाने मेरे दिल के बहुत करीब हैं. तो मैंने कुछ गाने गाए. यह उनमें से सिर्फ एक गाना है. मैंने उनके लिए करीब दो-तीन गाने गाए. तो यह एक बहुत ही प्यारा पल बन गया. सभी डॉक्टर बहुत खुश थे. मैंने उनसे यह भी पूछा कि क्या वे इसे रिकॉर्ड करना चाहते हैं, वे इसे एक यादगार के रूप में रिकॉर्ड कर सकते हैं. तो उन्होंने इसे रिकॉर्ड किया और मुझे भेज दिया और तभी हमने इसे पोस्ट किया.'

---विज्ञापन---