Why Hema Malini Quit Acting: बॉलीवुड की फेमस एक्ट्रेस हेमा मालिनी इन दिनों राजनीति के करियर को लेकर सुर्खियों में हैं. 1970 और 1980 के दशक में बड़े पर्दे पर राज वाली हेमा मालिनी ने सालों से फिल्मों में काम नहीं किया है. फिल्म 'शोले', 'सीता और गीता', 'बागबान' और 'सत्ते पे सत्ता' जैसी क्लासिक हिट फिल्में देने वाली हेमा मालिनी ने अचानक ही फिल्मों में काम करना बंद कर दिया था, जिसके पीछे का कारण उन्होंने हाल ही में पर्दा उठाया है. बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल ने सालों बाद बताया कि आखिर उन्होंने फिल्मों में काम करना क्यों छोड़ दिया है.
खुद को बेहद खुशनसीब…
जूम को दिए एक इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने हिन्दी सिनेमा के सुनहरे दौर को याद किया और कहा, 'वह एक बिल्कुल अलग युग था. मैं तो कहूंगी कि वह फिल्म इंडस्ट्री का गोल्डन एरा था, मैं उस सफर का हिस्सा बनकर खुद को बेहद खुशनसीब मानती हूं. उस दौरान कई खूबसूरत फिल्में बनीं, खासकर महिला प्रधान फिल्में. मुझे सीता और गीता जैसी भूमिकाएं निभाने का सौभाग्य मिला. आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं, तो मुझे एहसास होता है कि मैंने लगभग 200 फिल्मों में काम किया है. ज्यादातर मेकर्स मुझे अपने प्रोजेक्ट्स में बार-बार लेते थे. उन दिनों हर फिल्म में पांच या छह गाने होते थे, और मेकर्स के लिए गानों का हिट होना बहुत जरूरी होता था.
ड्रीम गर्ल ने फिल्मों में काम करना क्यों छोड़ा?
हेमा मालिनी ने आगे कहा, 'आज के समय में फिल्में बनाने का काम पहले जैसा नहीं रहा. आज का फिल्म-मेकिंग का प्रोसेस पूरी तरह अलग है. कई लोग मुझसे पूछते हैं कि मैं अब काम क्यों नहीं कर रही हूं, लेकिन मेरे लिए आज के समय में फिल्में बनाने के तरीके के साथ तालमेल बिठाना बहुत मुश्किल है.' बता दे कि हेमा मालिनी को आखिरी बार 2020 में आई फिल्म 'शिमला मिर्ची' में देखा गया था, जिसमें उन्होंने रकुल प्रीत सिंह और राजकुमार राव के साथ काम किया था. लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई.