हिंदी सिनेमा के दिग्गज डायरेक्टर कुकू कोहली का 25 अगस्त को 77 की उम्र में हार्ट अटेक से निधन हो गया. जिसके बाद 26 अगस्त को उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री को गहरा झटका लगा है. अब शनिवार शाम की मुंबई में उनके लिए प्रेयर मीट रखी गई. जिसमें उनकी पत्नी अरुणा ईरानी टूटी नजर आई, तो बॉलीवुड के कई सितारों ने वहां पहुंचकर उन्हें नम आखों से श्रद्धांजलि अर्पित की.
बॉलीवुड से खास कनेक्शन
कुकू कोहली को खासतौर पर अजय देवगन को बतौर अभिनेता लॉन्च करने और उनके करियर की शुरुआती फिल्मों में अहम भूमिका निभाने के लिए याद किया जाता है. उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री ने एक अनुभवी फिल्ममेकर को खो दिया है. प्रार्थना सभा में पहुंचे सितारों के चेहरों पर भी इस दुख का असर साफ नजर आया.
भावुक नजर आईं अरुणा ईरानी
कुकू कोहली की प्रार्थना सभा में उनकी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी भी पहुंचीं. इस दौरान वह काफी भावुक दिखाई दीं. पति को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ नजर आ रहा था. फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इस मुश्किल समय में उनके परिवार का साथ दिया और कुकू कोहली को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.
मुमताज और पूनम सिन्हा ने दी श्रद्धांजलि
कुकू कोहली की प्रार्थना सभा में दिग्गज अभिनेत्री मुमताज भी पहुंचीं. वह अपनी दोस्त पूनम सिन्हा के साथ नजर आईं. दोनों ने दिवंगत फिल्ममेकर को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर कीं. दोनों को एक साथ देखकर वहां मौजूद लोगों का ध्यान भी उनकी तरफ गया.
राजपाल यादव भी पहुंचे
अभिनेता राजपाल यादव ने भी कुकू कोहली की प्रार्थना सभा में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने परिवार से मुलाकात की और इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. फिल्ममेकर के जाने का गम इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों के चेहरों पर दिखाई दिया.
विक्की और कैटरीना ने भी दी श्रद्धांजलि
बॉलीवुड के चर्चित कपल विक्की कौशल और कैटरीना कैफ भी कुकू कोहली की प्रार्थना सभा में पहुंचे. दोनों ने दिवंगत निर्देशक को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. सितारों की मौजूदगी ने यह दिखाया कि कुकू कोहली ने अपने लंबे फिल्मी सफर में इंडस्ट्री में कितने रिश्ते और सम्मान कमाए थे.