Tiger Shroff Team First Statement After Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ इन दिनों खुद पर हुए हमले को लेकर सुर्खियों में हैं. टाइगर श्रॉफ पर हुए इस जानलेवा हमले से फिल्म जगत में काफी बवाल मच गया है. टाइगर श्रॉफ के साथ ये खौफनाक घटना 18 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे मुंबई में हुई. जब टाइगर एक फुटबॉल क्लब से निकलकर अपनी कार में बैठ रहे थे, तभी अचानक उनकी गाड़ी के पास कुछ हमलावर फायरिंग करने लगते हैं. हालांकि, इस हमले में टाइगर तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों को उनकी कार पर करीब से गोलियां चलाते हुए दिखाया गया है. इसके बाद से सोशल मीडिया पर इस हमले से जुड़ी कई तस्वीरें, वीडियो और पोस्ट सामने आने लगे. इसी बीच इस पूरे मामले पर टाइगर श्रॉफ की टीम का पहला बयान सामने आया है.
टाइगर की टीम का सख्त एक्शन
जारी किए गए बयान में टाइगर की टीम ने एक्टर से जुड़ी फर्जी खबरों और AI से बनी तस्वीरों और वीडियो के फैलाव के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है. इस बयान में टीम ने साफ-साफ शब्दों में कहा है कि टाइगर ने इस हमले के बारे में कोई पब्लिक स्टेटमेंट या वीडियो जारी नहीं किया है. इसके साथ ही एक्टर की टीम ने चेतावनी दी है कि इस तरह के फेक वीडियो और तस्वीरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
ये पूरी तरह झूठ है...
टाइगर की टीम ने बयान में लिखा, 'हम साफ तौर पर यह बताना चाहते हैं कि हाल ही में हुई घटना या उससे जुड़ी किसी भी बात को लेकर टाइगर श्रॉफ ने न तो कोई बयान दिया है, न ही कोई वीडियो जारी किया है और न ही किसी तरह की कोई बात कहने के लिए किसी को अथॉरिटी दी है. हमारे संज्ञान में आया है कि कई सोशल मीडिया पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म मनगढ़ंत कहानियां, AI से बने वीडियो और पहले से तैयार की गई बातें फैला रहे हैं. साथ ही, गलत तरीके से इन सबको टाइगर श्रॉफ के साथ जोड़ रहे हैं. ये सब पूरी तरह से झूठ और अनऑथराइज्ड हैं, जिनका मकसद जनता को गुमराह करना है. हम ऐसे कंटेंट का समर्थन नहीं करते हैं और न ही हमारा इससे कोई लेना-देना है.'
कानूनी कार्रवाई की जाएगी…
टीम ने बयान के आखिर में चेतावनी देते हुए लिखा, 'हम मीडिया आउटलेट्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पेजों से अपील करते हैं कि वे जिम्मेदारी से काम लें और किसी भी जानकारी को पब्लिश करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर कर लें. केवल एंगेजमेंट या पैसे कमाने के लिए गलत जानकारी न फैलाएं। इसके अलावा, जो भी व्यक्ति या पेज ऐसी मनगढ़ंत खबरों और जानकारियों को बढ़ावा देता या फैलाता हुआ पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हम इन मामलों पर नजर रख रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सभी उपलब्ध कानूनी कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे केवल टाइगर श्रॉफ और उनकी ऑफिशियल टीम की ओर से दी गई वेरिफाइड जानकारी पर ही भरोसा करें.'