Tiger Shroff: टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर हुए जानलेवा हमले को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा खुलासा सामने आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में टाइगर शूटर्स के रडार पर थे ही नहीं, बल्कि वे बॉलीवुड के किसी अन्य बड़े सेलेब्रिटी को टारगेट करने की प्लानिंग कर रहे थे. हालांकि, जब वे उस बड़े स्टार तक नहीं पहुंच पाए, तो उन्होंने अपना प्लान बदलते हुए टाइगर श्रॉफ को नया निशाना बना डाला. इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी फैला दी है.

टाइगर नहीं, कोई और था असली टारगेट?

सामने आई जानकारी के मुताबिक, हमलावर मुंबई किसी दूसरे बड़े बॉलीवुड सेलेब्रिटी पर हमला करने के इरादे से आए थे. लेकिन जब वे अपने पहले टारगेट तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाए, तो उन्होंने अपनी रणनीति बदली और टाइगर को निशाना बनाने का फैसला किया.

फुटबॉल ग्राउंड और कम सिक्योरिटी बनी वजह

शूटर्स को सोशल मीडिया और फैन पेजेस के जरिए पता चला कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार को जुहू के फुटबॉल ग्राउंड पर खेलने आते हैं. वहां उनकी सिक्योरिटी भी काफी कम होती है और वह फैंस के बीच आसानी से मिल जाते हैं, जिससे शूटर्स को लगा कि उन पर हमला करना आसान होगा.

18 अक्टूबर की शाम 5 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग

18 अक्टूबर को मैच खत्म होने के बाद जैसे ही टाइगर अपनी कार से बाहर निकले, बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर 5 राउंड गोलियां बरसा दीं. इस हमले में ड्राइवर और एक अन्य शख्स बुरी तरह घायल हो गए, जबकि टाइगर को मामूली खरोंचें आईं.

कोटा से गिरफ्तारी और नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी

इस वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने राजस्थान के कोटा से दबोच लिया है. ये शातिर बदमाश नेपाल भागने की फिराक में थे, जिन्हें अब पूछताछ के लिए कड़ी सुरक्षा में मुंबई लाया जा रहा है.

सलमान खान के साथ काम करने की वजह से हुआ हमला?

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली है. पोस्ट में दावा किया गया है कि टाइगर को सलमान खान के साथ काम करने से मना किया गया था, लेकिन बात न मानने पर उन पर यह हमला किया गया है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि जो भी गैंग की बात नहीं मानेगा, उसका अगला नंबर होगा.