Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. अब सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई है कि आरोपियों ने रणबीर कपूर के बांद्रा स्थित घर की भी रेकी की थी. इससे पहले सलमान खान के घर की रेकी किए जाने की जानकारी सामने आई थी. इस खबर के बाद बॉलीवुड में सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. हालांकि, रणबीर कपूर को निशाना बनाए जाने की बात की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.

क्या रणबीर कपूर को निशाना बनाने की थी प्लानिंग?

बॉलीवुड में इन दिनों टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की चर्चा है. 18 अक्टूबर को अभिनेता की गाड़ी पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी. इस घटना में टाइगर सुरक्षित रहे, लेकिन उनके ड्राइवर को गोली लग गई. अब आजतक में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में रणबीर कपूर के घर की रेकी किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है.

रणबीर के घर की हुई रेकी?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के आरोपियों ने रणबीर के घर की भी रेकी की थी. हालांकि, इस मामले में अभी तक सामने आई जानकारी के आधार पर यह कहना मुश्किल है कि रणबीर को निशाना बनाने की कोई पुख्ता प्लानिंग थी या नहीं. ऐसे में पुलिस की जांच से सामने आने वाले तथ्यों पर नजर रहेगी. वहीं अक्षय कुमार के घर के शीशे भी बुलेट प्रूफ करवनाए गए हैं. जिसका वीडियो बुधवार शाम सामने आया था.

सलमान खान के घर की भी हुई थी रेकी

इससे पहले खबर आई थी कि आरोपियों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट की भी रेकी की थी. बताया गया कि अभिनेता के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा देखकर आरोपियों ने अपनी प्लानिंग बदल दी थी. इसके बाद टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया था.

सलमान खान की बढ़ाई गई सुरक्षा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों को सोशल मीडिया के जरिए टाइगर के रविवार को क्रिकेट खेलने जाने की जानकारी मिली थी. इसी दौरान उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गई. घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई, भाईजान की और टाइट सिक्योरिटी की गई है. वहीं, बॉलीवुड के दूसरे सितारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे एक व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने को लेकर टाइगर को कथित तौर पर चेतावनी देने की बात भी कही गई. इसके अलावा एक वॉयस नोट सामने आने की खबर भी आई, जिसमें सलमान के साथ काम करने वाले लोगों को धमकी दिए जाने का दावा किया गया.

मामले में कई गिरफ्तारियां

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अब देखना होगा कि जांच में क्या खुलासे होते हैं.