बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग किए जाने की खबर है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, राहत की बात यह है कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है. वहीं, इस मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए एक शख्स को हिरासत में लिया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है.

टाइगर श्रॉफ की कार पर चलीं गोलियां, मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं. घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. सामने आए वीडियो में एक कार भीड़ के बीच से निकलती दिखाई देती है. इसी दौरान फायरिंग की आवाज सुनाई देती है और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं.

घटना में हुए दो लोग घायल

इस घटना में दो लोगों के घायल होने की खबर है. इनमें टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदोस भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि उनके हाथ में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, दूसरे घायल को कूपर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, घायल व्यक्ति शाम करीब 7.10 बजे इमरजेंसी वॉर्ड पहुंचा था. उसके बाएं निप्पल से करीब दो सेंटीमीटर नीचे गोली लगने का घाव था.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से पोस्ट, पुलिस की जांच तेज

फायरिंग की इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाली पोस्ट सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेश में मौजूद अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. अनिल पंडित ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.

पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया

मुंबई पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. आजतक में छपी रिपोर्ट के मुताबित, सांताक्रूज इलाके से एक शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच में जुटी हैं. फोरेंसिक टीम ने भी शुरुआती जांच शुरू कर दी है.

जैकी श्रॉफ की टीम ने दिया अपडेट

इस घटना के बाद टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा को लेकर फैंस की चिंता बढ़ गई. इसी बीच जैकी श्रॉफ की टीम ने राहत भरी जानकारी देते हुए बताया कि टाइगर बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. डीसीपी मोहित गर्ग ने भी साफ किया कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल फायरिंग में कितने राउंड गोलियां चलीं, इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी.