Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है. मुंबई के जुहू इलाके में हुई इस घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. रविवार रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंचे. इस दौरान सामने आई तस्वीरों में एक्टर के हाथ पर पट्टी बंधी नजर आई. उनके कंधे और छाती पर भी मरहम-पट्टी दिखाई दी. मुलाकात के बाद शिंदे ने बताया कि आखिर इस घटना में टाइगर को कितनी चोटें आई हैं?
पांच राउंड हुई फायरिंग, टाइगर के हाथ में चोट
टाइगर श्रॉफ के घर पर हुई इस घटना के बाद उनके फैंस भी परेशान हैं. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता से मुलाकात कर उनका हाल जाना. उन्होंने बताया कि घटना के दौरान पांच राउंड फायरिंग हुई थी. हालांकि, राहत की बात यह है कि टाइगर सुरक्षित हैं.
पट्टी बांधे नजर आए टाइगर श्रॉफ
शिंदे के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान बारूद और कांच के टुकड़ों की वजह से टाइगर के बाएं हाथ में चोटें आई हैं. इस घटना में उनका ड्राइवर भी घायल हुआ है. शिंदे ने कहा कि यह एक गंभीर और निंदनीय घटना है. उन्होंने टाइगर और उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
टाइगर की मां भी थीं मौजूद, दिशा पाटनी ने भी की मुलाकात
टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे के साथ अभिनेता की मां आयशा श्रॉफ भी मौजूद थीं. शिंदे ने बताया कि इस घटना के बाद टाइगर और उनकी मां काफी डरे हुए हैं. उन्होंने परिवार को सुरक्षा और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. वहीं, टाइगर की करीबी दोस्त और अभिनेत्री दिशा पाटनी भी उनसे मिलने घर पहुंचीं. इस घटना के बाद अभिनेता के परिवार और करीबी लोगों की चिंता बढ़ गई है.
धमकी देने वालों पर होगी कार्रवाई!
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फायरिंग की घटना की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक हस्तियों को डराने-धमकाने की कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन इस मामले में जरूरी कदम उठाएगा. शिंदे ने मुंबई में 1990 के दशक के गैंगवॉर का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में पुलिस ने ऐसी गतिविधियों पर काबू पाया था. उन्होंने कहा कि मुंबई में दोबारा इस तरह की घटनाएं नहीं होने दी जाएंगी.
बॉलीवुड सेलेब्स की सुरक्षा पर उठे सवाल
फिलहाल, इस घटना ने बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है. टाइगर श्रॉफ के फैंस उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं. अब सभी की नजरें पुलिस की जांच और इस मामले में होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं, हालांकि पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ चल रही है, आगे कार्रवाई में पुलिस जुटी हुई है.