बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. नाना पाटेकर के निधन के बाद से ही वह सोशल मीडिया पर लगातार उनसे जुड़े सवाल उठा रही हैं. अब एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताई हैं, जिन्हें सुनकर लोग हैरान हैं. तनुश्री ने श्मशान घाट जाने, वहां ध्यान लगाने और अघोरियों से अपने कथित जुड़ाव के बारे में बात की. इतना ही नहीं, उन्होंने नाना पाटेकर को लेकर भी एक अजीबोगरीब दावा किया है.
श्मशान घाट में क्यों बैठती हैं तनुश्री दत्ता?
तनुश्री दत्ता ने अपने वीडियो में बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही है. हालांकि, जब उन्हें थोड़ा बेहतर महसूस हुआ तो वह श्मशान घाट चली गईं. एक्ट्रेस के मुताबिक, एक मंदिर के पास स्थित श्मशान घाट उनकी पसंदीदा जगहों में से एक है.
'श्मशान घाट में मिलता है सुकून'
उन्होंने कहा कि काशी जाने पर भी उन्हें मंदिर में बैठना पसंद है, लेकिन वह श्मशान घाट में भी समय बिताती हैं. तनुश्री का कहना है कि वहां बैठकर उन्हें काफी सुकून मिलता है.
'जिंदा लोगों के बीच नहीं मिलता इतना सुकून'
एक्ट्रेस ने अपने वीडियो में दावा किया कि उनके पूर्वज करीब 500 साल पहले अघोरी हुआ करते थे. उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें कुछ ऐसे लोग दिखाई देते थे और वह उनसे थोड़ी दूरी बनाकर रहती थीं. तनुश्री ने यह भी कहा कि वह कुछ लोगों को सपनों में देखती हैं.
'श्मशान घाट में बैठकर मेडिटेशन करना पसंद'
एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्हें श्मशान घाट में बैठकर मेडिटेशन करना पसंद है. उन्होंने कहा कि वहां मुर्दों के बीच उन्हें उतना सुकून मिलता है, जितना जिंदा लोगों के बीच नहीं मिलता. तनुश्री ने यह भी बताया कि श्मशान घाट में उन्हें अलग-अलग वेशभूषा में अघोरी दिखाई देते हैं, जबकि वह खुद सामान्य कपड़े पहनकर जाती हैं.
नाना पाटेकर को लेकर फिर कही ये बात
तनुश्री दत्ता ने अपने वीडियो में नाना पाटेकर का जिक्र करते हुए भी दावा किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवान से पूछा कि क्या नाना नर्क में पहुंच गए हैं, ताकि वह चैन से बैठ सकें. तनुश्री के मुताबिक, उन्हें जवाब मिला कि नाना अभी उस लोक में जा रहे हैं.
एक्ट्रेस के दावों ने उड़ाए फैंस के होश
एक्ट्रेस ने दावा किया कि वह आत्माओं से बात करने की कोशिश कर रही हैं और साधना के कारण उनके पास कुछ शक्तियां हैं. तनुश्री के इस बयान ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. उनके वीडियो में किए गए दावों को लेकर लोगों के बीच चर्चा हो रही है.
सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं एक्ट्रेस
बता दें, तनुश्री दत्ता लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं. वह साल 2005 में आई फिल्म 'आशिक बनाया आपने' से काफी पॉपुलर हुई थीं. बाद में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली. अब नाना पाटेकर को लेकर उनके लगातार आ रहे बयानों के चलते वह एक बार फिर वो सुर्खियों में आ गईं हैं.