सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर और सनी देओल के बेटे राजवीर देओल की शादी को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. दावा किया जा रहा था कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं. इतना ही नहीं, इंटरनेट पर उनकी शादी की तारीख 2027 में बताई जा रही थी, लेकिन अब इन वायरल खबरों की सच्चाई सामने आ गई है.
सारा और राजवीर की शादी की खबरों में कितना सच?
क्रिकेट और बॉलीवुड के दो बड़े परिवारों को जोड़ने वाली इस खबर ने लोगों को खुश कर दिया था. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि सारा तेंदुलकर और राजवीर देओल एक-दूसरे को पसंद करते हैं और जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. कुछ पोस्ट में यह भी कहा गया कि राजवीर अभी से सारा को महंगे गिफ्ट भेज रहे हैं.
कभी मिले तक नहीं सारा और राजवीर!
हालांकि, ये सभी दावे बेबुनियाद निकले हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सारा तेंदुलकर के एक करीबी सूत्र ने शादी की खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया है. सूत्र ने साफ किया कि सारा और राजवीर एक-दूसरे से कभी मिले तक नहीं हैं. सारा फिलहाल सिंगल हैं और अपने काम पर ध्यान दे रही हैं. सूत्र के मुताबिक, दोनों की शादी को लेकर लगाए जा रहे कयास पूरी तरह बेबुनियाद हैं.
अर्जुन की शादी को बताया था ट्रायल राउंड
कुछ समय पहले सारा ने अपनी शादी को लेकर भी बात की थी. उन्होंने अपने भाई अर्जुन तेंदुलकर की शादी को अपने लिए एक तरह का ट्रायल राउंड बताया था. सारा ने कहा था कि इस एक्सपीरियंस से उन्हें इतना तो समझ आ गया कि उन्हें क्या करना है, और अपने जीवनसाथी में क्या चाहिए और क्या नहीं.
रेडिट से शुरू हुई थी चर्चा
सारा और राजवीर की शादी की अफवाह सबसे पहले रेडिट पर सामने आई थी. इसके बाद यह खबर दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैल गई. हालांकि, अब सारा के करीबी सूत्र ने इन दावों को खारिज कर दिया है. ऐसे में फिलहाल सारा और राजवीर की शादी की खबरों में कोई सच्चाई नहीं नजर आ रही है.