दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है और इसी के साथ एक्टर सूरज पंचोली ने भी अपना पक्ष सामने रखा है. सूरज ने सोशल मीडिया पर करीब 6 पन्नों का लंबा बयान शेयर कर कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि अगर जांच में उनके खिलाफ कोई सबूत मिलता है तो वह कानून के मुताबिक सजा भुगतने के लिए तैयार हैं. साथ ही उन्होंने जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच की अपील की है.
सूरज पंचोली ने शेयर किया पोस्ट
सूरज पंचोली ने अपने बयान में कहा कि वह दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान और आदित्य ठाकरे से जिंदगी में कभी नहीं मिले. उनका कहना है कि इसके बावजूद पिछले कई सालों से उनका नाम इस मामले से जोड़ा जाता रहा है. एक्टर ने दावा किया कि इस वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के साथ जान से मारने की धमकियां भी मिली हैं.
'मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं'
सूरज ने कहा कि वह पहले भी अधिकारियों के सवालों का जवाब दे चुके हैं और जांच में सहयोग करते रहे हैं. अब भी अगर जांच एजेंसियों को उनकी जरूरत पड़ती है तो वह हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं. एक्टर ने अपने बयान में कहा कि अगर दिशा सालियान मामले से उनका कोई संबंध या भूमिका साबित करने वाला एक छोटा-सा भी सबूत सामने आता है, तो वह कानून की ओर से तय की जाने वाली सजा भुगतने के लिए तैयार हैं. वहीं, अगर जांच में उनका कोई संबंध नहीं मिलता है तो उन्होंने एजेंसियों और मीडिया से इस बात को साफ तौर पर सामने रखने की अपील की है.
सूरज ने उठाए सवाल
सूरज ने इस पूरे मामले की मीडिया कवरेज पर भी सवाल खड़े किए. उनका कहना है कि कुछ लोगों के लिए यह मामला सिर्फ चर्चा या मनोरंजन का विषय हो सकता है, लेकिन इसका असर उनकी जिंदगी और परिवार पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि हर आरोप और अटकल के पीछे एक इंसान और उसका परिवार होता है.
किस बात को रखना चाह रहे सूरज?
उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है और न ही वह किसी व्यक्ति का बचाव या किसी पर हमला करना चाहते हैं. सूरज के मुताबिक, वह अब इस मामले पर चिल्लाकर बहस करने के बजाय सही मंच पर तथ्यों के साथ अपनी बात रखना चाहते हैं.
सही सवालों के जवाब देने को तैयार सूरज
अब सूरज का कहना है कि सही मौका मिलने पर वह हर सवाल का जवाब देंगे. सीधे, ईमानदारी से और बिना किसी डर के.