Disha Salian Case: दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की पूर्व मैनेजर रहीं 'दिशा सालियान' (Disha Salian) की डेथ केस में बॉम्बे हाई कोर्ट के आर्डर के बाद CBI ने FIR दर्ज करके अपनी जांच तेज कर दी है. इस केस में नाम आने के बाद अब बॉलीवुड एक्टर 'सूरज पंचोली' (Sooraj Pancholi) ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल और बोल्ड पोस्ट शेयर किया है. 6 स्लाइड्स के इस लंबे-चौड़े पोस्ट में सूरज ने साफ दावा किया है कि वे अपनी पूरी लाइफ में कभी भी दिशा सालियान या 'आदित्य ठाकरे' (Aditya Thackeray) से नहीं मिले हैं.
'सालों से शांत था, सही वक्त पर बोलूंगा'
सूरज पंचोली ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि वे इस मामले में बहुत कुछ कहना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि वे सालों से कई कंट्रोवर्सीज को लेकर पूरी तरह शांत रहे हैं, लेकिन जब भी उन्हें सही मौका मिलेगा, वे अपनी पूरी बात और अपना पक्ष दुनिया के सामने खुलकर रखेंगे.
'दिशा और आदित्य ठाकरे से कभी नहीं मिला'
पोस्ट की पहली ही स्लाइड में सूरज ने लिखा, "मैं एक बार फिर यह कह रहा हूं, और मुझे दोबारा कहना पड़ रहा है क्योंकि कुछ लोगों को समझ नहीं आया है. मैं अपनी पूरी जिंदगी में कभी भी दिशा सालियान या आदित्य ठाकरे से नहीं मिला. एक बार भी नहीं, न डायरेक्ट और न ही किसी के जरिए. फिर भी मुझे ऑनलाइन गालियां और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. लोग सोचते हैं मैं डर जाऊंगा, पर मैं डरने वाला नहीं हूं."
'मेरे पास छुपाने के लिए कुछ भी नहीं'
सूरज ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा कि उनका नाम सालों से ऐसे मामलों में घसीटा गया, जिनसे उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं था. इस वजह से वे अपनी लाइफ के कई कीमती साल खो चुके हैं. अब जब वे अपना करियर और लाइफ दोबारा ट्रैक पर ला रहे हैं, तो वे चुप नहीं बैठेंगे. अगर वे गलत होते तो दूसरों की तरह शांत बैठते, लेकिन उनके पास छुपाने को कुछ नहीं है.
'सबूत मिले तो सजा भुगतने को तैयार'
सूरज पंचोली ने कहा कि वे जांच एजेंसियों से अपील करते हैं कि इस केस की बिना किसी देरी के एकदम फेयर जांच की जाए. उन्होंने कहा, "अगर जांच में मेरे खिलाफ एक छोटा सा भी सबूत मिलता है, तो मैं कानून द्वारा तय कोई भी सजा भुगतने को तैयार हूं. लेकिन अगर जांच में मेरा नाम साफ होता है, तो मीडिया और एजेंसियों को यह बात डंके की चोट पर साफ-साफ कहनी होगी."
'बस एक बात का डर सता रहा है'
अपने पोस्ट के आखिर में सूरज पंचोली ने कहा कि वे भी इंसान हैं और उनके पास भी फीलिंग्स हैं. वे जांच में पुलिस और एजेंसियों का पूरा सपोर्ट करने के लिए तैयार हैं. हालांकि, उन्होंने अपना सबसे बड़ा डर शेयर करते हुए कहा कि उन्हें बस इस एक बात का डर है कि कहीं बिना किसी गलती के वे अपनी लाइफ और करियर के कुछ और कीमती साल न गंवा दें.