Sonu Sood: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आए भीषण उफान और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. इस कुदरती आफत में अब तक 95 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई सौ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. नेपाल सेना द्वारा युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है. इस भयंकर संकट और तबाही की घड़ी में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) एक बार फिर पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं.
भोटेकोशी नदी ने मचाई भारी तबाही
नेपाल के रसुवा इलाके में भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कई गांव और इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं. बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 95 लोगों की जान जाने की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है. इस आपदा में 13 जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं.
सैकड़ों लोग अब भी लापता
बाढ़ के बाद से लापता लोगों का आंकड़ा 463 तक पहुंच गया है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. लापता लोगों में 133 भारतीय नागरिक, 52 विदेशी और 13 नेपाली नागरिक शामिल हैं. इसके अलावा मानसरोवर और कैलाश यात्रा पर निकले 31 तीर्थयात्री भी लापता हैं, जिनमें 26 विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं. लापता यात्रियों को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है.
सेना का 15 हेलिकॉप्टरों से रेस्क्यू
विपरीत परिस्थितियों के बीच नेपाल सेना ने राहत और बचाव कार्य की कमान संभाल ली है. दुर्गम और पूरी तरह पानी से घिरे इलाकों से लोगों को निकालने के लिए सेना के 15 हेलिकॉप्टरों को काम पर लगाया गया है. इन हेलिकॉप्टरों की मदद से अब तक 250 से ज्यादा फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है.
सोनू सूद ने की मदद की घोषणा
आपदा की इस कठिन घड़ी में अभिनेता सोनू सूद नेपाल के लोगों के लिए मददगार साबित हो रहे हैं. सोनू सूद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि नेपाल के लोग खुद को अकेला न समझें. वे जल्द ही प्रभावितों तक खाना, अस्थाई आश्रय (Shelter) और जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए हर जरूरी सामग्री लेकर पहुंच रहे हैं.
मनीषा कोइराला ने की प्रार्थना की अपील
सोनू सूद के अलावा नेपाली मूल की बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) भी इस त्रासदी से बेहद दुखी हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए दुनिया भर के फैंस और देशवासियों से इस कठिन समय में नेपाल के लोगों की सलामती के लिए दुआ और प्रार्थना करने की भावुक अपील की है.