Sonakshi Sinha Slams Sonam Wangchuk Detention: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने नई दिल्ली के जंतर-मंतर से कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह हिरासत में लिए जाने की घटना पर अपना गुस्सा जाहिर किया है. इसके साथ ही उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक के साथ हुई इस जबरदस्ती की कड़ी निंदा की है. इसके साथ ही उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी और सोनम वांगचुक के साथ वाले कार्यकर्ताओं का सपोर्ट भी किया और बॉलीवुड के स्टार्स से अपील की कि वो 20 जुलाई को होने वाले विरोध मार्च में जरूर भाग लें. चलिए आपको पूरा माजरा समझाते हैं.
सोनम सर के साथ जो हुआ…
सोनाक्षी सिन्हा ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पर ये वीडियो किया, जिसमें सोनाक्षी ने सोनम वांगचुक के साथ हुई जबरदस्ती के खिलाफ आवाज उठाते हुए कहा, 'सोनम सर के साथ जो हुआ… वह सही नहीं था. मुझे खुशी है कि वह ठीक हैं और उनकी पत्नी उनके साथ हैं. वह मजबूत हैं, होश में हैं. पिछले कुछ दिनों से मैं उन्हें और उनके साथ खड़े हजारों लोगों को देख रही हूं. चाहे जो भी हालात बने हुए हों, वे शांत, सम्मानजनक बने रहे और हिंसा का सहारा लिए बिना अपनी बात पर डटे रहे. हम सब जानते हैं कि देश की शक्ति उसके युवाओं पर निर्भर है. अब, उन्हें देखकर मुझे यह बात सच लगती है. तमाम असुविधाओं, निराशाओं और कठिनाइयों के बावजूद, जिस तरह से आपने अपने विश्वासों को मजबूत रखा है, उसके लिए आपको सलाम.'
20 जुलाई को मार्च में…
इसके बाद सोनाक्षी ने बॉलीवुड स्टार्स से अपील करते हुए कहा, '20 जुलाई को मार्च में भाग लेने वालों से मेरा केवल एक ही अनुरोध है. अपनी आवाज बुलंद करें, लेकिन अपने हमारे मूल स्वरूप शांति, एकता और सम्मान को बनाए रखें, जो आपके आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है. हर एक नागरिक को अपनी आवाज उठाने, सवाल करने का अधिकार है, जब वे बिना हिंसा या घृणा के सिर्फ उम्मीद के साथ ऐसा करते हैं, तो उनकी आवाज और भी मजबूत हो जाती है. सोनम सर के साथ खड़े सभी लोगों ने हमें याद दिलाया है कि बहादुरी का मतलब शोर मचाना नहीं है, बल्कि दृढ़ संकल्प और शांति के साथ खड़े रहना भी है.'