Vidnyan Mane Legal Action Against Palash Muchhal: बॉलीवुड म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल और एक्टर-प्रोड्यूसर विद्यान माने के विवाद पर एक नया अपडेट सामने आया है. दरअसल, इंडियन वुमन क्रिकेट टीम की कैप्टन स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त विद्यान माने का कहना है कि बॉम्बे हाई कोर्ट ने पलाश मुच्छल द्वारा उनके खिलाफ दायर किए गए मानहानि के केस को खारिज कर दिया है. इसके साथ ही विद्यान माने ने ये भी ऐलान किया कि अब वह मुच्छल के खिलाफ क्रिमिनल केस शुरू करने का प्लान बना रहे हैं. चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से समझाते हैं.

आखिर क्या है मामला?

पलाश मुच्छल और विद्यान माने के बीच ये कानूनी विवाद इसी साल जनवरी में शुरू हुआ था, जब मुच्छल और मंधाना ने दिसंबर 2025 में अपनी शादी तोड़ दी थी. उस वक्त विद्यान माने ने कंपोजर पलाश मुच्छल पर अपनी फिल्म 'नजरिया' में लगाए गए 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था. विद्यान की शिकायत के मुताबिक, दोनों दिसंबर 2023 में सांगली में मिले थे. विद्यान ने अपनी फिल्म के लिए मार्च 2025 तक पैसे ट्रांसफर किए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म कभी पूरी नहीं हुई और उनके पैसे वापस नहीं किए गए. विद्यान ने पलाश मुच्छल पर पर्सनल आरोप भी लगाए, जिनसे उन्होंने इनकार कर दिया और विद्यान को 10 करोड़ का मानहानि का नोटिस भेजा.

हाई कोर्ट ने खारिज किया केस

अब इस मामले पर अपडेट देते हुए विद्यान माने ने बताया कि पलाश मुच्छल की तरफ से उनके खिलाफ दर्ज किए गए केस को बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है. उन्होंने आगे कहा, 'इस फैसले से एक जरूरी मैसेज मिलता है, लोगों को सिर्फ पब्लिसिटी पाने के लिए कोर्ट में बेबुनियाद और झूठे केस फाइल नहीं करने चाहिए. कोई भी कानून से ऊपर नहीं है, और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना सभी के लिए जरूरी है.' इसके बाद उन्होंने आगे कहा, 'अब मैं पलाश मुच्छल के खिलाफ क्रिमिनल केस शुरू करने वाला हूं.'

क्रिमिनल कार्रवाई शुरू…

विद्यान माने ने आगे कहा, 'मेरा इरादा है कि मैं अब तक उसने जो भी मनगढ़ंत और झूठी कहानियां सुनाई हैं, उन्हें लोगों के सामने लाऊं, और यह दिखाऊं कि लोगों को कैसे गुमराह किया जा रहा है. मैं यह भी चाहता हूं कि उसके परिवार वालों को सच पता चले, ताकि वे भी उसके बर्ताव और कहे जा रहे झूठ की असलियत समझ सकें. उसके कामों के पीछे की सच्चाई देख सकें. बहुत जल्द, मैं इस मामले में जरूरी और सही ज्यूडिशियल और क्रिमिनल कार्रवाई शुरू करूंगा, पूरी तरह से कानूनी तरीकों से.' हालांकि, इस मामले पर अभी तक पलाश मुच्छल की लीगल टीम ने कोई जवाब नहीं दिया.