Singer Vishal Dadlani Bald Look Secret Reveal: बॉलीवुड के पॉपुलर सिंगर की लिस्ट में शुमार विशाल ददलानी अक्सर अपनी गायकी के साथ-साथ अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए भी चर्चा में रहते हैं. विशाल ददलानी हमेशा देश में चल रहे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं. लेकिन इस बार विशाल ददलानी अपने गानों या बयान की वजह से नहीं बल्कि एक राज की वजह से खबरों में आए हैं. दरअसल, हाल ही में विशाल ददलानी ने अपने गंजे लुक को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है. साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि एक समय पर उनके बाल काफी लंबे थे.

23 साल की उम्र से गंजे हैं सिंगर

हाल ही में सिंगर विशाल ददलानी ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के यूट्यूब शो 'डबल डेट' में पहुंचे. यहां उन्होंने अपनी लाइफ से जुड़े कई राज का खुलासा किया. इस दौरान उन्होंने अपने गंजे लुक के बारे में भी बात की. इंटरव्यू के दौरान अंगद ने विशाल से उनके इस बाल्ड लुक के बारे में सवाल पूछा. जिसके जवाब में विशाल ददलानी ने कहा कि वो 23 साल की उम्र से गंजे हैं.

अपना सिर मुंडवाया…

अपने बाल्ड लुक पर बड़ा खुलासा करते हुए विशाल ने कहा, 'काफी समय पहले मेरे बाल लंबे हुआ करते थे. फिर मैंने 23 साल की उम्र में अपना सिर मुंडवा लिया था. उस समय मैं एक धार्मिक व्यक्ति हुआ करता था. ऐसे ही एक दिन मैं जब सोकर उठा, तो मेरे दिल में इच्छा हुई कि मैं तिरुपति जाऊं और वहां अपना सिर मुंडवा लूं. जब वहां मैंने अपना सिर मुंडवाया तो उसी समय मैंने कसम खाई कि मैं फिर कभी अपने बाल नहीं बढ़ाऊंगा.' जब नेहा धूपिया ने विशाल से इस कसम की वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि इसके पीछे कोई खास वजह नहीं है.

शराब और सिगरेट से किया तौबा

विशाल ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वो इस तरह की चीजें क्यों करते हैं. विशाल ने आगे कहा, 'यही वजह है कि मैं शराब भी नहीं पीता. जब मैं छोटा बच्चा था, तभी मैंने सोच लिया था कि मैं शराब नहीं पिऊंगा और मैंने आज तक शराब नहीं पी है. हालांकि, मेरा परिवार कभी-कभार पी लेता था. मैं एक सिंधी परिवार से हूं. वहां शराब को कोई बुरी चीज नहीं मानते हैं. मुझे बस ऐसा लगा कि मुझे ये नहीं पीनी चाहिए, इसलिए मैं शराब नहीं पीता हूं. हां, लेकिन स्मोकिंग मैं बहुत ज्यादा करता था. मैंने इसे भी एक झटके में ही छोड़ दिया था.'