सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है, इतना ही नहीं यह पहली बार होगा जब छठी मईया की अलौकिक कथा बिग स्क्रीन पर देखने को मिलेगी, हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर ने इतना तो साफ कर दिया है, कि फिल्म में खौफ, आस्था, विश्वास का जो कॉम्बो देखने को मिलेगा उसका लेवल काफी हाई है, घने जंगल, रहस्मयी ताकतें और एक मंदिर जिसके लिए जिसका रहस्य आसानी से भरोसा नहीं करने देगा.

क्या है वन देवी की कहानी?

मोस्ट अवेटेड फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' एक ऐसे मंदिरसे जुड़ी, जहां सूर्यास्त के बाद जाने की मनाही है. इन सीन्स ने जहां दर्शकों का उत्साह बढ़ाया है वहीं कई सवाल भी खड़े किए हैं कि आखिर ये मंदिर कौन सा है और इसके पीछे की कहानी क्या है? तो चलिए जानते हैं.

---विज्ञापन---

फिल्म की कहानी कहां से है प्रेरित?

मेकर्स के मुताबिक, फिल्म में दिखाया गया मंदिर बिहार के पटना जिले के बिहटा के पास स्थित मां वन देवी मंदिर से प्रेरित है. आनंदपुर इलाके में मौजूद इस मंदिर को करीब 350 से 400 साल पुराना माना जाता है. घने जंगल और ग्रामीण माहौल के बीच बना यह मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है.

वन देवी मंदिर से जुड़ी हैं कई लोककथाएं

कहा जाता है कि पुराने समय में मंदिर के आसपास का इलाका घने जंगल से घिरा हुआ था. इसी वजह से यहां विराजमान देवी को 'वन देवी' कहा जाने लगा. मंदिर को लेकर एक लोककथा यह भी है कि एक साधक को सपने में देवी के दर्शन हुए थे. देवी के निर्देश पर उस स्थान की खुदाई की गई, जहां प्रतिमा या पवित्र निशान मिलने की बात कही जाती है. इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर मंदिर का निर्माण कराया. हालांकि, इन कहानियों का कोई आधिकारिक ऐतिहासिक प्रमाण नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों के बीच इनकी गहरी आस्था है.

---विज्ञापन---

सूर्यास्त के बाद क्यों बंद हो जाता है मंदिर?

वन देवी मंदिर से जुड़ी सबसे दिलचस्प मान्यता सूर्यास्त के बाद मंदिर में प्रवेश को लेकर है. स्थानीय मान्यता के मुताबिक, शाम होते ही मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं. पुजारी भी मंदिर परिसर से चले जाते हैं और रात में किसी के वहां रुकने की अनुमति नहीं होती. कहा जाता है कि सूर्यास्त के बाद वन देवी जंगल में विचरण करती हैं.

क्या है 'द वन' की कहानी का आधार?

इसी रहस्यमयी लोकविश्वास को 'द वन' की कहानी का आधार बनाया गया है. फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार इस प्रतिबंधित इलाके में पहुंचता है, जिसके बाद उसका सामना रहस्य, डर और अलौकिक शक्तियों से होता है.

---विज्ञापन---

मेकर्स ने ग्रामीणों से की बातचीत

फिल्म के निर्माता अरुणाभ कुमार ने बताया कि वन देवी मंदिर जाने के बाद उन्हें इस कहानी का आइडिया आया. इसके लिए उन्होंने स्थानीय लोगों, पुजारियों और ग्रामीणों से मंदिर से जुड़ी मान्यताओं और कहानियों को समझा. निर्देशक दीपक मिश्रा ने इन्हीं लोककथाओं को आधुनिक तकनीक और स्पेशल इफेक्ट्स के जरिए बड़े पर्दे पर पेश किया है.

कब रिलीज होगी फिल्म?

फिल्म 25 सितंबर को रिलीज होगी. खास बात यह भी है कि 'द वन' में वन देवी की कहानी के साथ महापर्व छठ की झलक भी देखने को मिलेगी. ऐसे में अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि सिद्धार्थ और तमन्ना की ये फिल्म लोकआस्था और रहस्य को पर्दे पर किस तरह पेश करती है.

---विज्ञापन---