बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शरत सक्सेना इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं. 70-80 के दशक में अपनी दमदार एक्टिंग और विलेन के किरदारों से पहचान बनाने वाले शरत सक्सेना ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. ये तस्वीरें उनकी सर्जरी से ठीक पहले की हैं, जिन्हें देखकर उनके फैंस चिंता में पड़ गए हैं और उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.

तस्वीरों ने बढ़ाई फैंस की चिंता

कुछ समय पहले अजय देवगन की फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' में नजर आए शरत सक्सेना ने MRI रूम से चार तस्वीरें पोस्ट की हैं. तस्वीरों में वह MRI करवाते हुए दिखाई दे रहे हैं और उनके चेहरे पर तकलीफ भी साफ नजर आ रही है. खास बात ये है कि एक्टर ने बताया कि उनकी MRI खड़े होकर की गई.

---विज्ञापन---

सर्जरी से पहले कराई MRI

शरत सक्सेना ने तस्वीरों के साथ बताया कि बॉम्बे अस्पताल में उनकी लम्बर स्पाइन यानी रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से की सर्जरी से पहले खड़े होकर MRI की गई. उनकी पोस्ट सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री के लोगों ने उनके लिए चिंता जतानी शुरू कर दी. हर कोई उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है.

शरत ने किया शुक्रिया अदा

फैंस की शुभकामनाओं पर शरत ने भी उनका शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द दोबारा ठीक से चल पाएंगे और काम कर पाएंगे. एक्टर की ये बात उनके चाहने वालों को भावुक कर गई.

---विज्ञापन---

250 से ज्यादा फिल्मों में किया काम

शरत सक्सेना ने अमिताभ बच्चन की फिल्म 'बेनाम' से साल 1974 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने नौकरी करने के बजाय एक्टिंग को अपना करियर बनाया. बताया जाता है कि शुरुआत में उनके पिता इस फैसले से खुश नहीं थे, लेकिन बाद में उन्होंने बेटे का साथ दिया.

शरत ने कई हिट फिल्मों में किया काम

शरत ने अपने लंबे करियर में 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. हिंदी के अलावा वह तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में भी नजर आए. 'त्रिदेव', 'घायल', 'सोल्जर', 'बागबान' जैसी फिल्मों में उनके किरदार आज भी याद किए जाते हैं.

---विज्ञापन---

सलमान खान के साथ भी रहा खास रिश्ता

शरत सक्सेना ने सलमान खान के साथ भी कई फिल्मों में काम किया है. 'बजरंगी भाईजान' में उन्होंने करीना कपूर के पिता का किरदार निभाया था. वहीं 'तुमको ना भूल पाएंगे' में उन्होंने सलमान के पिता का रोल निभाया था.
एक इंटरव्यू में शरत ने बताया था कि सलमान खान ने उनसे कहा था कि वह हमेशा उनका ख्याल रखेंगे. एक्टर के मुताबिक, आज भी जब सलमान कोई फिल्म बनाते हैं तो उन्हें बुलाया जाता है. शरत ने इसके लिए सलमान खान और उनके परिवार का आभार भी जताया था.

फैंस कर रहे दुआएं

बहरहाल, शरत को MRI रूम में देखकर उनके फैंस की चिंता जरूर बढ़ गई है, लेकिन उनके चाहने वाले अपने एक्टर के जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं, और उनकी सर्जरी सफल हो और वो जल्द स्वस्थ होकर फिर से पर्दे पर नजर आएं.

---विज्ञापन---