Sharat Saxena Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शरत सक्सेना इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं. 76 साल के अभिनेता की हाल ही में लम्बर स्पाइन यानी कमर की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई है. उनकी यह सर्जरी करीब 6 घंटे तक चली. अब ऑपरेशन के बाद अभिनेता ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर कर फैंस को अपनी सेहत का अपडेट दिया है. तस्वीरों में शरत सक्सेना के चेहरे पर मुस्कान देखकर फैंस भी राहत महसूस कर रहे हैं.

6 घंटे चली सर्जरी

शरत सक्सेना लंबे समय से रीढ़ की हड्डी से जुड़ी परेशानी से जूझ रहे थे. इसी वजह से उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी. गुरुवार को उनकी लम्बर स्पाइन सर्जरी हुई, जो करीब 6 घंटे चली. ऑपरेशन के बाद अभिनेता ने अस्पताल से कई तस्वीरें शेयर कीं और बताया कि उनकी सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हो गई है.

---विज्ञापन---

तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखी ये खास बातें

शरत ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'छह घंटे की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी पूरी हो गई. एक अच्छे इंसान को कोई रोक नहीं सकता.' उनकी इस बात से साफ है कि मुश्किल समय के बावजूद अभिनेता का हौसला मजबूत है.

अस्पताल के बेड पर भी चेहरे पर मुस्कान

सर्जरी के बाद की तस्वीरों में शरत सक्सेना अस्पताल के बेड पर नजर आ रहे हैं. उनके आसपास परिवार और दोस्त भी दिखाई दे रहे हैं. खास बात यह है कि इतनी बड़ी सर्जरी के बाद भी अभिनेता के चेहरे की मुस्कान कम नहीं हुई. उन्होंने अपने पोस्ट में कई तस्वीरों के जरिए अपनी रिकवरी की झलक भी दिखाई.

---विज्ञापन---

हर तस्वीर में दिखा अलग अंदाज!

एक तस्वीर में शरत दोस्तों के साथ कार में घर लौटते नजर आ रहे हैं. वहीं, दूसरी तस्वीर में सेलिब्रेशन का माहौल दिखाई देता है. एक्टर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'आज पार्टी, कल जिम.' अस्पताल की एक तस्वीर पर उन्होंने लिखा, 'अब और सूप नहीं.' वहीं, एक अन्य तस्वीर में उन्होंने बताया कि अब उन्हें वॉकिंग स्टिक की भी जरूरत नहीं है.

MRI की तस्वीरें भी की थीं शेयर

आपको बता दें, उनके फैंस को उनकी सर्जरी की जानकारी खुद अभिनेता ने पोस्ट शेयर कर दी थी, शरत सक्सेना ने MRI रूम से तस्वीरें शेयर की थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं थीं. इनमें वह बॉम्बे हॉस्पिटल में खड़े होकर MRI करवाते नजर आए थे. हालांकि, उस दौरान भी उनका अंदाज काफी पॉजिटिव नजर आया था.

---विज्ञापन---

5 दशक से ज्यादा लंबा है फिल्मी करियर

शरत सक्सेना बॉलीवुड के उन कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने पांच दशकों से ज्यादा समय तक फिल्मों में अपनी पहचान बनाए रखी है. उन्होंने हिंदी समेत कई भाषाओं की 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. जैसे 'मिस्टर इंडिया', 'त्रिदेव', 'घायल', 'खिलाड़ी', 'बजरंगी भाईजान' जैसी फिल्मों में उनके किरदारों को खूब पसंद किया गया.

फैंस जल्द ठीक होने की कर रहे प्रार्थना

शरत सक्सेना खास तौर पर दमदार विलेन और निगेटिव किरदारों के लिए मशहूर रहे हैं. तबीयत खराब होने से पहले वह अजय देवगन की फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' में भी नजर आए थे. फिलहाल, फैंस उनके जल्द पूरी तरह ठीक होने की प्रर्थना कर रहे हैं.

---विज्ञापन---