Actor Emotional Appeal: बॉलीवुड में अर्श से फर्श और फर्श से अर्श तक कई किस्से और कहानियां मौजूद हैं. इसका ताजा उदाहरण एक्टर शरद कपूर की ही कहानी है. शाहरुख खान से लेकर ऋतिक रोशन तक जैसे सुपरस्टार के साथ काम करने वाले शरद कपूर इन दिनों आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. शाहरुख खान की फिल्म 'जोश' में प्रकाश शर्मा का किरदार निभाकर पॉपुलर हुए शरद कपूर इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर खबरों में बने हुए हैं. हाल ही में एक बार फिर शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें काम देने की अपील की है. इसके अलावा, उन्होंने अपनी हालत के बारे में भी बात की है.
मैं डिप्रेशन में चला गया…
शरद कपूर ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के सीनियर मेंबर्स से बात की और उन्हें काम देने की अपील की. वीडियो में शरद ने कहा, 'जब कोई आप पर बिना वजह इल्जाम लगाता है, तो जाहिर है आपको दुख होता है. मैं डिप्रेशन में चला गया था. मेरा काम करने या किसी से मिलने का मन नहीं करता था.' कहा जा रहा है कि वो 2024 में उनके खिलाफ दर्ज किए गए सेक्शुअल हैरेसमेंट केस का जिक्र कर रहे थे, जिसमें एक 32 साल की एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था.
मुझे सच में पैसे की जरूरत…
फिल्मों में काम की अपील करते हुए शरद कपूर ने कहा, 'लेकिन अब, मैंने फैसला कर लिया है. मैं फिल्म इंडस्ट्री से अपील करता हूं, प्लीज मेरी मदद करिए. मैं अभी फाइनेंशियल क्राइसिस से गुजर रहा हूं, मैं काम करना चाहता हूं और इससे बाहर निकलना चाहता हूं. इस समय मुझे सच में पैसे की जरूरत है. साथ ही मुझे नैतिक और मानसिक तौर पर मदद की जरूरत है. मैं अपने सभी सीनियर एक्टर्स का बहुत बड़ा फैन हूं. मैं हमेशा उन्हें हीरो की तरह देखता हूं.'
दो-तीन साल से बिस्तर पर…
इस दौरान शरद कपूर ने यह भी बताया कि वह पिछले दो-तीन साल से बिस्तर पर हैं. अपने परिवार के बारे में बात करते हुए शरद ने कहा कि वो लोग कभी-कभी फोन कॉल करके उनका हालचाल पूछते रहते हैं. उन्होंने सीनियर एक्टर्स की भी तारीफ की और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे इस मुश्किल समय में मदद का हाथ बढ़ाएंगे.