Shah Rukh Khan at Mannat: बॉलीवुड के 'किंग खान' यानी शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस को ऐसा सरप्राइज दिया कि सोशल मीडिया पर तहलका मच गया. मन्नत में चल रहे रिनोवेशन और उनके वहां न होने की खबरों के बीच, किंग खान ने अचानक घर के बाहर आकर अपने चाहने वालों को अपनी एक झलक दी. टाइट सिक्योरिटी के बीच शाहरुख ने अपने आइकॉनिक पोज दिए और फैंस को फ्लाइंग किस देकर उनके बर्थडे सेलिब्रेशन को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.

फैंस की उम्मीदों के विपरीत मन्नत पहुंचे शाहरुख

दिनभर चल रही चर्चाओं और पुलिस द्वारा भीड़ को हटाए जाने के कारण ऐसा माना जा रहा था कि इस साल फैंस को शाहरुख की बालकनी वाली झलक नहीं मिल पाएगी. ज्यादातर फैंस निराश होकर अपने घर भी लौट चुके थे, लेकिन शाहरुख खान ने अपने चाहने वालों को निराश न करते हुए मन्नत पहुंचकर सबको चौंका दिया.

आइकॉनिक पोज और फ्लाइंग किस से बढ़ाया उत्साह

कड़ी सिक्योरिटी के बीच शाहरुख खान ने घर के बाहर जमा हुए फैंस को हाथ हिलाकर हेलो कहा और उन्हें प्यार भरी फ्लाइंग किस दी. इतना ही नहीं, उन्होंने अपना सिग्नेचर और आइकॉनिक पोज भी किया, जिसे देखते ही वहां मौजूद भीड़ खुशी से झूम उठी और उनके नाम के नारे लगाने लगी.

मन्नत के बाहर बड़ी स्क्रीन पर रिलीज हुआ 'किंग' का गाना

इस साल मन्नत के बाहर एक बड़ी स्क्रीन का विशेष इंतजाम किया गया था, जिस पर उनकी अपकमिंग फिल्म 'किंग' के पोस्टर्स और विजुअल्स प्रोजेक्ट किए जा रहे थे. बीती रात इसी बड़ी स्क्रीन पर फिल्म का पहला गाना भी चलाया गया, साथ ही फैंस के लिए शाहरुख का एक खास ऑडियो मैसेज भी सुनाया गया.

पिछले साल अलीबाग में मनाया था बर्थडे

गौरतलब है कि पिछले साल शाहरुख खान ने अपना जन्मदिन अपने अलीबाग वाले फॉर्महाउस पर सेलिब्रेट किया था. इस बार भी मन्नत के रिनोवेशन के चलते ऐसा ही कयास लगाया जा रहा था, लेकिन किंग खान ने अपने फैंस के प्रति अपनी दीवानगी को एक बार फिर सही साबित कर दिखाया.

क्रिसमस पर रिलीज होगी फिल्म 'किंग'

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' इस साल के अंत में यानी 24 दिसंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. जन्मदिन पर मिले इस सरप्राइज और गानों की रिलीज के बाद फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है.