बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान एक बार फिर अपनी केदारनाथ यात्रा को लेकर चर्चा में आ गई हैं. मंदिर में दर्शन और पूजा करने के बाद अब उन्हें कट्टरपंथियों का सामना करना पड़ रहा है. उत्तर प्रदेश के बरेली के मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा के मंदिर में पूजा करने पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इसे इस्लाम और शरीयत के खिलाफ बताते हुए एक फतवा जारी किया है. मौलाना के इस बयान के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है.
केदारनाथ में पूजा करने पर क्या बोले मौलाना?
दरअसल, रविवार 25 अक्टूबर को सारा अली खान केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं. इस दौरान वह मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की कतार में खड़ी नजर आईं. दर्शन और पूजा के बाद उनकी हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए. हालांकि, सारा की यह धार्मिक यात्रा अब विवाद की वजह बन गई है.
वीडियो शेयर कर मौलाना ने कही ये बात
एक वीडियो बयान में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि इस्लाम और शरीयत के मुताबिक, किसी मुस्लिम का दूसरे धर्म के तरीके से पूजा करना जायज नहीं है. उन्होंने इसे हराम बताते हुए सारा से अल्लाह से माफी मांगने और तौबा करने की बात कही.
इस्लाम में जायज नहीं- मौलाना
मौलाना ने कहा कि कई युवाओं ने उनसे सवाल किया था कि क्या सारा का केदारनाथ में पूजा करना शरीयत के अनुसार सही है. इस पर उन्होंने अपनी धार्मिक राय रखते हुए कहा कि इस तरह के काम इस्लाम में जायज नहीं हैं.
पहले भी केदारनाथ जा चुकी हैं सारा
यह पहली बार नहीं है, जब सारा अली खान की केदारनाथ यात्रा चर्चा में आई है. एक्ट्रेस पिछले कई सालों से बाबा केदारनाथ के दर्शन करने जाती रही हैं. दिलचस्प बात यह है कि सारा की बॉलीवुड में पहली फिल्म का नाम भी 'केदारनाथ' था. साल 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म में उनके साथ दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत नजर आए थे. फिल्म की रिलीज के समय भी सारा को उत्तराखंड में कुछ कट्टरपंथी संगठनों के विरोध का सामना करना पड़ा था.
मंदिर में दर्शन के लिए जमा किया था शपथ पत्र
इस पूरे मामले के बीच बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) का नियम भी चर्चा में है. मंदिर समिति ने गैर हिंदू श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और पूजा से पहले शपथ पत्र जमा करने की व्यवस्था लागू की है. समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रंगार के मुताबिक, सारा अली खान की टीम ने भी उनके दौरे से पहले शपथ पत्र जमा किया था.
क्या बोली सारा अली खान?
फिलहाल, सारा की केदारनाथ यात्रा को लेकर धार्मिक बहस तेज हो गई है. वहीं, मौलाना के बयान पर एक्ट्रेस की ओर से कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है, अब देखना दिलचस्प होगा कि एक्ट्रेस और उनके परिवार की तरफ से क्या रिएक्शन सामने आता है.