बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन ने फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है. 'कांटे', 'मुसाफिर', 'जिंदा', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'काबिल' जैसी फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले संजय गुप्ता को अंतिम विदाई देने के लिए फिल्मी दुनिया के कई सितारे पहुंचे. इस दौरान हर किसी के चेहरे पर उदासी नजर आई. अपने करीबी को खोने का दर्द सितारों की आंखों में साफ दिखाई दिया.
अभिषेक बच्चन और राजपाल यादव ने दी आखिरी विदाई
संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार में अभिनेता अभिषेक बच्चन भी शामिल हुए. फिल्ममेकर को अंतिम विदाई देने पहुंचे अभिषेक दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़े नजर आए. वहीं, अभिनेता राजपाल यादव भी संजय गुप्ता के घर पहुंचे. संजय के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है और हर कोई उन्हें नम आंखों से याद कर रहा है.
रोनित रॉय के छलके आंसू, भावुक हुए सितारे
संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार के दौरान अभिनेता रोनित रॉय बेहद भावुक नजर आए. फिल्ममेकर को खोने का दुख उनके चेहरे पर साफ दिखाई दिया. सामने आए वीडियो में रोनित रॉय को फूट-फूटकर रोते हुए देखा गया. उनके आंसुओं ने इस मुश्किल वक्त में उनके दर्द को बयां कर दिया. रोनित के अलावा उनके भाई रोहित रॉय और अभिनेता गुलशन ग्रोवर भी संजय गुप्ता को आखिरी विदाई देने पहुंचे.
इन सितारों ने भी दी श्रद्धांजलि
फिल्ममेकर को अंतिम विदाई देने वालों में अहमद खान भी शामिल रहे. वह इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े नजर आए. इसके अलावा कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, निर्माता भूषण कुमार और फिल्ममेकर राकेश रोशन ने भी पहुंचकर दिवंगत फिल्ममेकर को श्रद्धांजलि दी.
संजय गुप्ता के निधन से उनके परिवार और दोस्तों को गहरा सदमा लगा है. फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें उनकी खास फिल्ममेकिंग स्टाइल और दमदार कहानियों के लिए याद किया जाता है. उनकी फिल्मों ने एक्शन और क्राइम-थ्रिलर के शौकीन दर्शकों के बीच खास जगह बनाई.
संजय गुप्ता का जाना हिंदी सिनेमा के लिए एक दुखद पल है. उनके साथ काम कर चुके लोग और उनके चाहने वाले उनकी फिल्मों और उनसे जुड़ी यादों के जरिए उन्हें हमेशा याद रखेंगे.