बॉलीवुड के 'खलनायक' यानी संजय दत्त जो अपनी दमदार एक्टिंग के दम पर करोड़ों दिलों पर राज करते हैं, आज उनका एक ऐसा खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है, खास बात ये है, कि इस किस्से की डोर इस जन्म से नहीं बल्कि संजू बाबा के पिछले जन्म से जुड़ी है, जिसमें उन्होंने दो हत्याएं भी की थीं, जिसकी वजह से उनका इस जन्म में संघर्षों से भरा जीवन रहा, ऐसा हम नहीं बल्कि खुद 'कॉफी विद करण' के शो में संजय दत्त ने बताया था. संजय दत्त ने दावा किया था कि पिछले जन्म में वह अशोक वंश के राजा थे और पत्नी के धोखे ने उन्हें कातिल बना दिया था.
करण जौहर के शो में सुनाया था अनोखा किस्सा
यह बात करीब 21 साल पुरानी है, जब संजय दत्त करण जौहर के मशहूर चैट शो 'कॉफी विद करण' के पहले सीजन में मेहमान बनकर पहुंचे थे. बातचीत के दौरान अभिनेता ने अपने पिछले जन्म से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव शेयर किया था. उन्होंने बताया था कि उनका एक दोस्त उन्हें एक ऐसे गांव में ले जाने की सलाह दे रहा था, जहां अंगूठे के निशान के जरिए व्यक्ति का ताड़पत्र खोजा जाता है. मान्यता है कि इन पत्तों पर इंसान के पिछले जन्म की पूरी जानकारी लिखी होती है.
संजय का हैरान करने वाला दावा
संजय ने बताया कि जब उनका ताड़पत्र निकाला गया तो उसमें दावा किया गया कि वह पिछले जन्म में अशोक वंश के राजा थे. इसके बाद जो कहानी सामने आई, वह किसी फिल्म की पटकथा से कम नहीं थी.
पत्नी के अफेयर ने बना दिया था हत्यारा!
अभिनेता के मुताबिक, पिछले जन्म में उनकी पत्नी का उनके ही राज्य के एक मंत्री के साथ प्रेम संबंध था. पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उन्हें युद्ध के मैदान में भेज दिया. हालांकि, संजय के मुताबिक, वह युद्ध में हारकर लौटने के बजाय कई लोगों को मारकर सुरक्षित वापस आ गए.
गुस्से में की दो हत्याएं!
घर लौटने पर उन्हें पत्नी और मंत्री के प्रेम संबंध की सच्चाई पता चली. इसके बाद गुस्से में उन्होंने अपनी पत्नी और उस मंत्री की हत्या कर दी. संजय ने बताया था कि इस घटना के बाद वह भगवान शिव की भक्ति में लीन हो गए और अंत में उनके प्राण चले गए.
पिछले जन्म के कर्मों को बताया था संघर्ष की वजह
संजय दत्त ने शो में यह भी कहा था कि उन्हें बताया गया कि पिछले जन्म में किए गए गलत कामों का असर इस जन्म पर पड़ा है. हालांकि, अच्छे कर्मों की वजह से उनका जन्म एक संपन्न परिवार में हुआ और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में पहचान और शोहरत भी मिली. इसके बावजूद उनकी जिंदगी में कई मुश्किलें और संघर्ष आए.