Sanjay Dutt: बॉलीवुड के 'संजू बाबा' यानी संजय दत्त (Sanjay Dutt) हाल ही में शेखर सुमन के टॉक शो 'शेखर टुनाइट' के गांधी जयंती स्पेशल एपिसोड में पहुंचे. शो के दौरान संजय दत्त ने अपने आइकॉनिक 'मुन्ना भाई' अवतार में वापसी करते हुए मजेदार पॉलिटिकल सटायर पेश किया. 5 मिनट के लिए काल्पनिक प्रधानमंत्री बनकर उन्होंने देश के मौजूदा माहौल, राजनेताओं के विदेश दौरों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी पर तंज कसते हुए 'गांधीगिरी' अपनाने का धांसू संदेश दिया.
पीएम बनकर मुन्ना भाई का स्वैग
संजय दत्त ने मुन्ना भाई के पेटेंट टोन में कहा, "आज अपुन आपका पीएम बनके बहुत खुश हुआ. लेकिन टेंशन नहीं लेने का, अपुन इस खुशी को सेलिब्रेट करने विदेश नहीं जाएगा, बल्कि यहीं जनता के बीच रहेगा. वरना पीएम और जनता के बीच का कनेक्शन कैसे बनेगा?" उन्होंने देश के मौजूदा माहौल पर बात करते हुए कहा कि वे अब पहले जैसी शांति महसूस नहीं कर पाते हैं और इसके लिए गांधीगिरी व प्यार की जरूरत है.
गांधीजी के चौथे बंदर का कॉन्सेप्ट
संजय ने आगे कहा, "अपुन गांधी जी को बहुत मानता है. उनके तीन बंदरों को सब जानते हैं—बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत बोलो. लेकिन आज देश को एक चौथे बंदर की जरूरत है, जो बुरा देखे तो उसे ठीक करे. अगर सब आंख, कान और मुंह बंद कर लेंगे तो देश कैसे चलेगा?"
नेताओं की तस्वीरों पर तीखा तंज
नेताओं की पब्लिसिटी पर तंज कसते हुए संजू बाबा ने कहा, "अपुन जहां भी पीएम की फोटो लगी है, उसे कम कर देगा. देश को नेताओं का नहीं, देश का फोटो दिखना चाहिए. जहां भी फोटो लगानी हो, वहां गांधी जी का फोटो लगाओ. जनता नेताओं का चेहरा देखकर क्या करेगी? अपना फोटो बाद में खिंचवा लेंगे, पहले देश को फ्रेम में लाना जरूरी है."
ट्रंप मामू को जादू की झप्पी
डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी और ग्लोबल प्रेशर पर चुटकी लेते हुए संजय दत्त बोले, "ट्रंप मामू, ज्यादा टंटे नहीं पालने का. दुनिया में मिसाइलें बहुत हो गई हैं, अब थोड़ा प्यार भी एक्सपोर्ट करो. किसी को धमकी देने का मन करे तो चाय पर बुलाकर बात सुलझाओ. अपुन अमेरिका आ रहा है तुमको जादू की झप्पी देने."
लगे रहो मुन्ना भाई का मैजिक
बता दें कि साल 2006 में आई राजकुमार हिरानी (Rajkumar Hirani) की कल्ट फिल्म 'लगे रहो मुन्ना भाई' (Lage Raho Munna Bhai) में संजय दत्त और अरशद वारसी (Arshad Warsi) की जोड़ी ने 'गांधीगिरी' का मैसेज देकर तहलका मचा दिया था. विधु विनोद चोपड़ा के प्रोडक्शन में बनी इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के उसी मुन्ना भाई अंदाज ने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया है.