कभी बॉलीवुड फिल्मों में अपनी ग्लैमरस अदाओं से सुर्खियां बटोरने वाली सना खान आज शोबिज की दुनिया से दूर हैं. मुफ्ती अनस सईद से शादी करने के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी और अपनी जिंदगी को धर्म के मुताबिक जीने का फैसला किया. हालांकि, सना जब भी अपने पुराने दिनों को याद करती हैं, तो भावुक हो जाती हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी पुरानी जिंदगी, ग्लैमर की दुनिया और आध्यात्मिक बदलाव को लेकर खुलकर बात की.

ग्लैमरस जिंदगी में भी खुश नहीं थीं सना खान

सना खान ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला लिया था, तब उनके फैंस हैरान रह गए थे. अपने करियर के दौरान उन्होंने फिल्मों और रियलिटी शोज में काम किया और खूब पॉपुलैरिटी हासिल की, लेकिन एक्ट्रेस के मुताबिक, उस समय उनकी जिंदगी में कई चीजें होने के बावजूद उन्हें सुकून नहीं मिल रहा था.

रुबीना दिलैक से बातचीत में खुलासा

रुबीना दिलैक के साथ बातचीत में सना ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि महंगे कपड़े और गाड़ियां खरीदने से उन्हें कुछ समय के लिए खुशी मिलती थी, लेकिन जल्द ही सब कुछ पहले जैसा हो जाता था. उन्होंने पैसे कमाए और खर्च भी किए, मगर अंदर से खुश महसूस नहीं कर पा रही थीं.

'शैतान ने मुझे कब नंगा कर दिया, पता ही नहीं चला'

सना ने अपने ट्रांसफॉर्मेशन के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्हें खुद समझ नहीं आता था कि वह सलवार.कमीज पहनकर कॉलेज जाने वाली लड़की से ग्लैमरस कपड़े पहनने वाली एक्ट्रेस कैसे बन गईं. उन्होंने अपने पुराने पहनावे और जिंदगी को याद करते हुए कहा, 'शैतान ने मुझे कब नंगा कर दिया, पता ही नहीं चला.'

क्यों सना की आंखों से छलक पड़े आंसू ?

सना के मुताबिक, उन्हें अपने धर्म की मान्यताओं के बारे में पता था. वह जानती थीं कि उनके नजरिए से क्या सही है और क्या गलत, लेकिन इसके बावजूद वह उस रास्ते पर आगे बढ़ती रहीं. अपनी पुरानी जिंदगी के बारे में बताते हुए वह भावुक भी हो गई थीं.

मुफ्ती अनस पर ब्रेनवॉश करने का आरोप, सना ने दिया जवाब

सना खान ने यह भी बताया कि कुछ लोग उनके पति मुफ्ती अनस सईद पर उन्हें बदलने और उनका ब्रेनवॉश करने का आरोप लगाते हैं. हालांकि, सना ने इन बातों को खारिज करते हुए कहा कि धर्म के प्रति उनका झुकाव खुद विकसित हुआ था. हिजाब पहनने और नमाज पढ़ने का फैसला भी उन्होंने अपनी इच्छा से लिया.

कब ग्लैमर वर्ड को बोला था गुडबाय?

बता दें, कि सना खान ने अक्टूबर 2020 में मनोरंजन जगत छोड़ने का ऐलान किया था. इसके बाद नवंबर 2020 में उन्होंने मुफ्ती अनस सईद से शादी कर ली. अब वह अपनी जिंदगी परिवार और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ बिताती हैं.