Salman Khan Nephew Arhaan Khan Debut Film: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों और अपने शो 'बिग बॉस 20' की शूटिंग को लेकर बिजी हैं. इसी बीच सुपरस्टार सलमान खान के भतीजे अरहान खान को लेकर खबर आ रही है कि वो जल्द ही फिल्मों की दुनिया में कदम रखने वाले हैं. अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान खान अब बॉलीवुड में डेब्यू करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. लेकिन अरहान खान फिल्मों में अकेले नहीं, बल्कि अपने चाचा सलमान के साथ कदम रखेंगे। चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से समझाते हैं.
अरहान को मिला चाचा का साथ
खबरों के मुताबिक, अरहान खान की डेब्यू फिल्म में सलमान खान एक अहम कैमियो रोल में नजर आएंगे। इससे अरहान की पहली फिल्म को और भी ज्यादा स्टार पावर मिलेगी. हालांकि, अभी तक अरहान की डेब्यू फिल्म का नाम रिवील नहीं किया गया है. बताया जा रहा है कि अरहान एक एक्शन लव स्टोरी के जरिए बड़े पर्दे पर एंट्री मारेंगे. इस फिल्म के डायरेक्टर अनिरुद्ध अय्यर होंगे. अनिरुद्ध ने इससे पहले आयुष्मान खुराना और जयदीप अहलावत की फिल्म 'एन एक्शन हीरो' को डायरेक्ट किया था. प्रोड्यूसर अश्विन वर्दे इस प्रोजेक्ट को सपोर्ट कर रहे हैं. फिल्म की कहानी और सलमान के किरदार के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
10 दिन शूटिंग करेंगे सलमान
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फिल्म की कहानी में सलमान खान का एक छोटा और बेहद इंपोर्टेंट कैमियो होगा. खबरों के मुताबिक, सलमान अपने कैमियो के लिए करीब 10 दिन शूटिंग में लगाएंगे. हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने अभी तक आधिकारिक तौर पर उनके किरदार को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. जानकारी के अनुसार, अरहान कई सालों से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने अमेरिका में फिल्म मेकिंग की पढ़ाई की और बाद में फिल्ममेकर विक्रम फडनिस के साथ काम किया.