Salman Khan Share Salim Khan and Salma Khan Marriage Story: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपने पॉपुलर रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. 'बिग बॉस 20' का 'वीकेंड का वार' एपिसोड सुर्खियों में बना हुआ है. बीती रात भी सलमान खान ने 'बिग बॉस 20' के 'वीकेंड का वार' में कुछ ऐसा कहा, जिसकी चर्चा आज खबरों में की जा रही है. दरअसल, सलमान खान ने अपने पापा सलीम खान और मम्मी सलमा खान की शादी से जुड़ा एक अनकहा किस्सा शेयर किया. सलमान खान ने बताया कि उनके नाना उनकी मम्मी और पापा की शादी के खिलाफ थे. चलिए जानते हैं कि सलमान खान ने क्या कुछ कहा.

जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी

'बिग बॉस 20' के नए 'वीकेंड का वार' एपिसोड में सलमान ने शो की जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी के बारे में बात की. उन्होंने कहा कि कंटेस्टेंट अक्सर अपने काम पर पछताते हैं. इसी दौरान सलमान ने अपने पापा सलीम खान और मम्मी सलमा खान की शादी से जुड़ा एक किस्सा बताया. सलमान खान ने बताया कि उनके नाना उनकी मम्मी और पापा की शादी के खिलाफ थे.

नाना नाराज थे…

सलमान ने घरवालों से कहा, 'मैं आपको बता दूं, जब मेरे माता-पिता की शादी हुई थी, तो उसमें कोई धार्मिक पहलू नहीं था. सिर्फ मेरे नाना नाराज थे क्योंकि मेरी मां एक सुंदर और एक्टर बनने की चाह रखने वाले व्यक्ति से शादी कर रही थीं. उन्हें सिर्फ इस बात से दिक्कत थी कि मेरी मां फिल्म इंडस्ट्री के किसी व्यक्ति से शादी कर रही थीं. हालांकि, मेरी मां के भाई-बहनों को इससे कोई दिक्कत नहीं थी. वो लोग मेरे पिता को पसंद करते थे, लेकिन मेरे नानाजी को चिंता थी कि उनकी बेटी उस माहौल में कैसे रहेगी.

आखिरी सांस तक अफसोस रहा…

सलमान ने आगे बताया, 'उन्होंने शादी के बाद (सलमान के नाना) मेरे पिता से 5 साल तक बात नहीं की. जब सोहेल का जन्म हुआ, तो मेरे नाना माहिम से मिठाई लेकर बांद्रा आए. उन्होंने अपने पोते-पोतियों को बड़ा होते न देख पाने पर अफसोस जताया और मेरे पापा को सबसे नेक इंसान बताया, क्योंकि उनके मन में कुछ चल रहा था. उन्हें यह अफसोस अपनी आखिरी सांस तक रहा. एक-दो बार जब मां-पापा का झगड़ा हुआ और मां अपने घर चली गईं, तो मेरे नाना ने उन्हें अंदर नहीं आने दिया. उन्होंने मां से कहा, 'अपने घर जाओ; तुम यहां कभी भी आ सकती हो, लेकिन झगड़े के बाद यहां नहीं आओगी.'