Maatrubhumi release 2026 : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. पिछले कुछ समय से ऐसी चर्चा थी कि फिल्म अब 2027 में रिलीज होगी, लेकिन अब मेकर्स ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. सलमान खान फिल्म्स ने नया पोस्टर जारी कर साफ कर दिया है कि 'मातृभूमि' साल 2026 में ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
मेकर्स का बड़ा अपडेट
सोमवार, 20 जुलाई को सलमान खान फिल्म्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया है. पोस्टर में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं. पोस्टर पर बड़े अक्षरों में '2026' लिखा हुआ है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि फिल्म अगले साल ही दर्शकों के बीच पहुंचेगी. पोस्टर के साथ लिखा गया, 'एक सैनिक का वादा. एक परिवार की ताकत. एक देश का गौरव.'
फैंस का नहीं खुशी का ठिकाना
हालांकि, मेकर्स ने अभी फिल्म की सटीक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लिए सही तारीख की तलाश की जा रही है. ट्रेड रिपोर्ट्स का कहना है कि 2026 की कई बड़ी रिलीज डेट पहले से बुक हैं और सलमान खान अपनी फिल्म का किसी बड़ी फिल्म से क्लैश नहीं चाहते. ऐसे में रिलीज डेट तय करने से पहले सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है.
कौन हैं 'मातृभूमि' के निर्देशक?
'मातृभूमि' का निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं, जबकि इसे सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है. इस फिल्म में पहली बार सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी. जिसे लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह है.
किस पर आधारित है कहानी?
फिल्म की कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई ऐतिहासिक लड़ाई से इंस्पायर बताई जा रही है. इसमें सलमान खान भारतीय सेना के बहादुर अधिकारी कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभाते नजर आएंगे. देशभक्ति और भावनाओं से भरपूर इस फिल्म को सलमान खान के करियर की सबसे अहम फिल्मों में से एक माना जा रहा है.
फिल्म का क्या था शुरुआती नाम?
दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म का शुरुआती नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था, लेकिन बाद में इसे बदलकर 'मातृभूमि' कर दिया गया. अब मेकर्स के इस नए अपडेट के बाद फैंस की नजरें फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट पर टिकी हैं. उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया जाएगा.