बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. लंबे समय से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अब एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है. खास बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म में एक भी कट लगाने की मांग नहीं की है. हालांकि, इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है.
'मातृभूमि' को सेंसर बोर्ड ने किया पास
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की फिल्म 'मातृभूमि' को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है. सेंसर बोर्ड ने फिल्म को बिना किसी कट के पास किया है. इस सर्टिफिकेट पर CBFC के चेयरमैन शशि शेखर वेम्पति ने खुद साइन किए हैं. आमतौर पर सेंसर सर्टिफिकेट पर CBFC के CEO राजेंद्र सिंह शेखावत के साइन होते हैं.
सरकार के कहने पर मेकर्स ने किए थे बदलाव
रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि फिल्म के मेकर्स ने भारत सरकार के सुझाव पर कुछ बदलाव किए थे. इसके बाद फिल्म संबंधित अधिकारियों को दिखाई गई और उनकी मंजूरी मिलने के बाद इसे सेंसर बोर्ड के पास भेजा गया. खास बात यह रही कि CBFC को फिल्म देखने के बाद किसी तरह के अतिरिक्त बदलाव या कट की जरूरत महसूस नहीं हुई.
कितनी लंबी होगी फिल्म?
फिल्म की लंबाई की बात करें तो 'मातृभूमि' का रनटाइम 154 मिनट और 12 सेकंड है. यानी दर्शकों को करीब 2 घंटे 34 मिनट तक एक्शन और देशभक्ति से भरपूर कहानी देखने को मिलेगी. फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट में कुछ सामान्य बदलावों की भी मांग नहीं की गई है.
गलवान घाटी की घटना पर आधारित है कहानी
'मातृभूमि' की कहानी साल 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प से इंस्पायर्ड है. फिल्म में सलमान खान कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाते नजर आएंगे. वहीं चित्रांगदा सिंह भी अहम किरदार में दिखाई देंगी. फिल्म का डायरेक्शन अपूर्व लखिया ने किया है और इसकी कहानी चिंतन गांधी ने लिखी है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
बता दें, सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अब देखना दिलचस्प होगा कि देशभक्ति और एक्शन से भरपूर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है.