Salman Khan Gives Matrubhoomi Team Expensive Luxury Gifts: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली मोस्ट अवेटेड फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. सलमान खान की ये फिल्म रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार है. कुछ समय पहले ही फिल्म से सलमान खान की आवाज में गाया गया गाना रिलीज किया गया था. इसी बीच सलमान खान ने एक बार फिर अपनी दरियादिली दिखाई है. दरअसल, सलमान खान ने हाल ही में अपनी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की कास्ट और क्रू को बहुत ही महंगा लग्जरी गिफ्ट दिया है.

पनवेल फार्महाउस पर गेट-टुगेदर

खबरों के अनुसार, सलमान खान ने 12 नवंबर को अपने पनवेल फार्महाउस पर एक गेट-टुगेदर होस्ट किया, जहां उन्होंने अपनी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की कास्ट और क्रू को लग्जरी स्विस घड़ियां गिफ्ट में दीं. सलमान ने अपने इस गिफ्ट से फिल्म की टीम को पूरी तरह से सरप्राइज कर दिया. बताया जा रहा है कि फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के ठीक दो दिन बाद हुए इस गेट-टुगेदर को सलमान ने उन सभी को शुक्रिया कहने के लिए प्लान किया था, जो फिल्म के सफर का हिस्सा रहे थे.

सेलिब्रेशन में बदली मीटिंग

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की टीम को शुरू में बताया गया था कि सलमान के फार्महाउस पर रखी गई ये मीटिंग फिल्म के प्रमोशनल प्लान्स के बारे में होगी. इसलिए, फिल्म की टीम को लगा कि यहां फिल्म से जुड़े काम की मीटिंग होगी. लेकिन, जब वो लोग वहां पहुंचे तो ये मीटिंग एक सेलिब्रेशन में बदल गई. इस दौरान, सलमान खान ने फिल्म की टीम के लोगों को महंगी घड़ियां गिफ्ट में दीं.

गिफ्ट में दी लाखों की घड़ियां

फ्री प्रेस जर्नल, मिड-डे, डेक्कन क्रॉनिकल और रेडिफ की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान ने टीम के लोगों को करीब 20 से 25 घड़ियां गिफ्ट में दीं, जिनमें से हर घड़ी की कीमत 2 लाख से 6 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है. ये घड़ियां कपूर वॉच कंपनी से ली गई थीं. एक्टर ने टीम में शामिल मेल और फीमेल सदस्यों के लिए अलग-अलग ब्रांड की घड़ियां सिलेक्ट कीं, जिसमें मेल आर्टिस्ट और क्रू मेंबर्स को लॉन्गिनेस और TAG Heuer की घड़ियां मिलीं. वहीं, फीमेल आर्टिस्ट और क्रू मेंबर्स को राडो टाइमपीस की घड़ियां गिफ्ट में मिलीं.

सेलिब्रेशन में शामिल हुए ये लोग

सलमान खान के पनवेल फार्महाउस पर सेलिब्रेशन में डायरेक्टर अपूर्व लखिया, एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह, अंकुर भाटिया, विपिन भारद्वाज, डायलॉग राइटर चिंतन शाह और तान्या देसाई शामिल हुए थे. टीम के कुछ सदस्यों ने शाम की तस्वीरें और झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर कीं. यह फिल्म अब 4 दिसंबर, 2026 को पूरे भारत के थिएटर्स में रिलीज होने वाली है.