Maatrubhumi: सलमान खान के फैंस लंबे समय से उनकी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' का इंतजार कर रहे हैं, अब फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है, जहां काफी समय से अड़चन में फंसी फिल्म को अब रिलीज किया जा सकता है. उनकी वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है, क्योंकि सरकार की ओर से इसे हरी झंडी मिल गई है.

पहले 'बैटल ऑफ गलवान' था नाम?

सलमान खान की इस फिल्म को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही है. फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था. जैसा कि नाम से ही साफ है, इसकी कहानी साल 2020 में भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुए टकराव की घटना से है. हालांकि, फिल्म का काम पूरा होने के बाद मेकर्स ने इसके टाइटल में बदलाव करने का फैसला किया और इस साल की शुरुआत में इसका नाम 'मातृभूमि' कर दिया गया.

---विज्ञापन---

क्यों हुआ था एतराज?

फिल्म में भारत-चीन तनाव से जुड़े कई सीन्स दिखाए गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौजूदा भारत-चीन रिश्तों को ध्यान में रखते हुए रक्षा मंत्रालय की ओर से फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर आपत्ति जताई गई थी. इसके बाद मेकर्स ने जरूरी बदलाव किए और फिल्म का नया वर्जन तैयार करके अधिकारियों के सामने पेश किया.

नए वर्जन को अधिकारियों से मिली मंजूरी

जिसके बाद नए वर्जन को अधिकारियों ने देखा और फिर इसे मंजूरी दी गई. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते फिल्म को थिएटर्स में दिखाए जाने के लिए NOC भी मिल गई है. यानी अब फिल्म के सिनेमाघरों तक पहुंचने की राह में एक बड़ी रुकावट दूर हो चुकी है.

---विज्ञापन---

इस तारीख को रिलीज की तैयारी?

फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी एक बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान 13 नवंबर की तारीख पर नजर बनाए हुए हैं. माना जा रहा है कि दिवाली के बाद का समय फिल्म की रिलीज के लिए चुना जा सकता है, क्योंकि उस दौरान दर्शकों के बीच फिल्मों को लेकर अच्छा माहौल रहता है.

कब रिलीज होगी फिल्म?

हालांकि, अभी CBFC यानी सेंसर बोर्ड की प्रोसेस बाकी है. मेकर्स जल्द ही फिल्म को सर्टिफिकेशन के लिए जमा कर सकते हैं. अगर CBFC से समय पर मंजूरी मिल जाती है, तो 13 नवंबर को 'मातृभूमि' की रिलीज संभव हो सकती है.

---विज्ञापन---

सरकार से मिली हरी झंडी ने साफ किया रास्ता

बहरहाल, मेकर्स की तरफ से रिलीज डेट को लेकर कोई ऑफीशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है. ऐसे में सलमान खान के फैंस को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा, लेकिन सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इतना जरूर साफ है कि 'मातृभूमि' अब बड़े पर्दे के काफी करीब पहुंच गई है.