Salman Khan: बॉलीवुड के 'सुपरस्टार भाईजान' यानी सलमान खान (Salman Khan) का स्टारडम आज भी उस मुकाम पर है, जहां सिर्फ उनका नाम ही काफी होता है. हाल ही में जब सलमान एक ब्रांड इवेंट के सिलसिले में दुबई पहुंचे, तो वहां उनके फैंस का ऐसा क्रेजी जनसैलाब उमड़ा कि पूरा वेन्यू जाम हो गया. दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में अपने फेवरेट स्टार की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों की तादाद में फैंस बेकाबू हो गए, जिन्हें कंट्रोल करने के लिए सिक्योरिटी टीम के भी पसीने छूट गए.

सिक्योरिटी टीम को बनानी पड़ी ह्यूमन चेन

दुबई के जाबील हॉल 6 में आयोजित 'ब्यूटीवर्ल्ड मिडिल ईस्ट' इवेंट में सलमान खान के पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया. रसासी के ऑफिशियल 'मीट एंड ग्रीट' शेड्यूल से पहले ही पूरा एग्जीबिशन फ्लोर फैंस से खचाखच भर गया. स्थिति इतनी बेकाबू हुई कि मेकर्स को एंट्री रोकनी पड़ी और बाउंसरों ने फैंस को दूर रखने के लिए ह्यूमन चेन बनाई.

---विज्ञापन---

पाक फैंस ने लुटाया प्यार

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान की इस झलक के लिए सीमा पार से आए पाकिस्तानी फैंस भी घंटों इंतजार करते दिखे. पाकिस्तान की रहने वाली फैन महा नूर ने सलमान को असली 'भाई' बताते हुए उनके चार्म और लुक्स की तारीफ की. वहीं मोहम्मद इमरान नाम के फैन ने सलमान का वीडियो अपने फोन में कैप्चर करने के बाद उन्हें बॉलीवुड का 'असली किंग' करार दिया.

बिजनेस इवेंट बना फैंस का मेला

वैसे तो 'ब्यूटीवर्ल्ड मिडिल ईस्ट' सिर्फ ट्रेड और बिजनेस से जुड़ा एक सीरियस इवेंट था, लेकिन मंगलवार दोपहर को सलमान खान की मौजूदगी ने पूरे वेन्यू को किसी फैन फेस्टिवल में बदल दिया. पूरा एग्जीबिशन फ्लोर केवल सलमान के बूथ की तरफ टकटकी लगाए खड़ा था और हर कोई अपने फोन में उस मोमेंट को कैद करने में जुटा था.

---विज्ञापन---

यूएई में सलमान का अनमैच्ड क्रेज

यूएई (UAE) में सलमान खान की फैन फॉलोइंग किसी से छिपी नहीं है. जब भी भाईजान किसी पब्लिक अपीयरेंस के लिए दुबई की सड़कों या वेन्यू पर उतरते हैं, तो वहां ऐसा ही जबरदस्त माहौल बन जाता है. यह इवेंट भी साबित करता है कि उनका ग्लोबली स्टारडम आज भी अनबीटेबल है.

बहादुर पायलट की तारीफ के बाद दौरा

सलमान खान का यह दुबई विजिट उस घटना के ठीक बाद हुआ है, जब उन्होंने फ्लाईदुबई के जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जमकर तारीफ की थी. सलमान ने उनके साहस को सलाम करते हुए उनके साथ फ्लाइट में सफर करने की इच्छा जताई थी.

---विज्ञापन---