Sachin Tendulkar vs Sunny Deol Networth: बॉलीवुड एक्टर सनी देओल इन दिनों अपनी फिल्म 'रामायण' से ज्यादा अपने छोटे बेटे राजवीर देओल की शादी की अफवाहों की वजह से चर्चा में बने हुए हैं. दरअसल, खबरें आ रही हैं कि सनी देओल के छोटे बेटे राजवीर देओल की शादी क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर से होने वाली है. राजवीर देओल और सारा तेंदुलकर की शादी की अफवाहों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर सनी देओल और सचिन तेंदुलकर की संपत्ति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. चलिए जानते हैं कि आखिर सचिन तेंदुलकर और सनी देओल में से कौन ज्यादा अमीर है?
राजवीर देओल और सारा तेंदुलकर की शादी की खबरों के बीच तेंदुलकर और देओल की कुल नेटवर्थ पर भी खूब चर्चा हो रही है. हर कोई यह जानना चाहता है कि दोनों परिवारों में से किस परिवार के पास ज्यादा संपत्ति है.
कितने अमीर हैं सचिन तेंदुलकर?
सचिन तेंदुलकर की कुल नेटवर्थ की बात करें तो कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मास्टर ब्लास्टर सचिन की नेटवर्थ करीब 1500 करोड़ रुपये है. बताया जाता है कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन ने अपनी यह संपत्ति ऐड फिल्म्स, ब्रांड एंडोर्समेंट और बिजनेस में इन्वेस्टमेंट के जरिए खड़ी की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सचिन कई बड़े ब्रांड्स का चेहरा हैं, जिनके ऐड से वो करोड़ों रुपये की कमाई करते हैं. इसके अलावा, उन्होंने स्पिनी और जेट सिंथेसिस जैसे बिजनेस में भी इन्वेस्टमेंट किया है. उनका रेस्टोरेंट बिजनेस और कपड़ों का भी एक ब्रांड है. इसके अलावा, सचिन ने रियल एस्टेट प्रॉपर्टी में भी काफी इन्वेस्ट किया है. सचिन का मुंबई के बांद्रा में एक आलीशान बंगला है. इससे अलग, सचिन ने मुंबई में कई दूसरी प्रॉपर्टी में भी इन्वेस्टमेंट किया है.
कितनी है सनी देओल की नेटवर्थ?
वहीं, दूसरी तरफ अगर बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की नेटवर्थ की बात करें तो उनकी संपत्ति सचिन के मुकाबले काफी कम बताई जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनी देओल की कुल नेटवर्थ करीब 130 करोड़ के आसपास है. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, सनी देओल की नेटवर्थ का आंकड़ा 200 से 220 करोड़ रुपये तक भी बताया गया है. सनी देओल की कमाई का सबसे बड़ा सोर्स फिल्म, ऐड और प्रोडक्शन से जुड़ा हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनी देओल एक फिल्म के लिए 40 से 50 करोड़ तक की फीस लेते हैं. इसके अलावा, उनकी प्रोडक्शन कंपनी विजयता फिल्म्स भी उनके फिल्मी सफर का अहम हिस्सा है. वहीं, अगर सनी देओल की रियल एस्टेट प्रॉपर्टी की बात करें तो एक्टर के पास मुंबई के जुहू में आलीशान बंगला है, जिसकी कुल कीमत मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 50 से 60 करोड़ तक आंकी गई है. इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के मनाली में उनका फार्महाउस और विदेश में प्रॉपर्टी होने की भी खबरें हैं.
सारा और राजवीर की शादी?
बता दें कि सोशल मीडिया पर राजवीर देओल और सारा तेंदुलकर की शादी की अफवाहें काफी तेजी से फैल रही हैं. जब से तेंदुलकर और देओल परिवारों के बीच रिश्ता जुड़ने की खबर आई है, इस खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. दावा किया जा रहा है कि सारा तेंदुलकर और राजवीर देओल एक-दूसरे को पसंद करते हैं और 2027 में शादी के बंधन में बंध सकते हैं. हालांकि, इन खबरों की अभी तक किसी भी परिवार ने पुष्टि नहीं की है.