Asha Bhosle: मशहूर गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल को मुंबई में निधन हो गया, जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है. 'सुरों की मलिका' को अंतिम विदाई देने के लिए बॉलीवुड की कई दिग्गज हस्तियां उनके घर पहुंचीं. इस दौरान का सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब अभिनेत्री तब्बू उनकी पोती जनाई भोंसले को गले लगाकर सांत्वना देती नजर आईं. जनाई अपनी दादी के जाने के गम में पूरी तरह टूट गई हैं. सचिन तेंदुलकर से लेकर एआर रहमान तक, हर कोई अपनी चहेती गायिका को आखिरी बार देखने के लिए उमड़ पड़ा है.
तिरंगे में लिपटीं 'सुरों की मलिका'
आशा भोसले को उनके अंतिम सफर पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी जा रही है. जब उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लिपटा हुआ देखा गया, तो यह दृश्य उनकी महानता और देश के प्रति उनके योगदान को दर्शाता था.
---विज्ञापन---
पोती जनाई और तब्बू का भावुक पल
अंतिम दर्शन के दौरान अभिनेत्री तब्बू काफी इमोशनल दिखाई दीं. जब वह आशा जी की पोती जनाई भोंसले से मिलीं, तो दोनों के बीच का दुख साफ झलक रहा था. तब्बू ने जनाई को गले लगाकर ढांढस बंधाया, जो अपनी दादी के जाने से बेहद टूट गई हैं.
---विज्ञापन---
सचिन तेंदुलकर के छलके आंसू
अपनी चहेती गायिका को अंतिम विदाई देने के लिए संगीतकार एआर रहमान, दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख, अभिनेता रितेश देशमुख और क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर भी उनके आवास पर पहुंचे. श्रद्धांजलि देते हुए सचिन की आंखों से आंसू छलक पड़े. हर किसी की आंखों में अपनी पसंदीदा गायिका को खोने का दर्द साफ दिख रहा था.
आखिरी पोस्ट और अधूरा सपना
आशा जी की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट वाराणसी और गंगा के महत्व पर थी, जहां उन्होंने लिखा था—‘जीवन का अर्थ और पृथ्वी पर मेरा उद्देश्य मुझे अब समझ आया है.’ इसके अलावा, ब्रिटिश ग्रुप 'गोरिल्लाज' के साथ उनका आखिरी गाना 'द शैडो लाइट' हमेशा उनके संगीत प्रेम को याद दिलाता रहेगा.
अंतिम संस्कार का समय
उनके बेटे आनंद भोसले के अनुसार, दोपहर 4 बजे के बाद उनकी अंतिम यात्रा शिवाजी पार्क के लिए रवाना होगी. शाम 5 बजे शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर पूरे विधि-विधान और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न किया जाएगा.