आरजे महवश अब बड़े पर्दे पर एक नई शुरुआत करने जा रही हैं. सोशल मीडिया और ओटीटी पर अपनी पहचान बनाने के बाद महवश ने अपनी नई फिल्म 'रागिनी 3' का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. महवश ने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की और इस खास मौके के लिए निर्माता एकता कपूर का दिल से धन्यवाद भी कहा.

बड़े पर्दे पर आने को तैयार महवश

महवश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के सेट की कई तस्वीरें पोस्ट की हैं. इन तस्वीरों में फिल्म की तैयारियों की झलक देखने को मिल रही है. एक फोटो में वह हाथ में क्लैपरबोर्ड पकड़े दिखाई दे रही हैं, जिस पर साफ तौर पर 'रागिनी 3' लिखा हुआ है. तस्वीरों से साफ है कि फिल्म की शूटिंग की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और टीम इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित है.

---विज्ञापन---

पोस्ट शेयर कर जाहिर की खुशी

फिल्म का ऐलान करते हुए महवश ने एक भावुक नोट भी लिखा. उन्होंने कहा, 'अपनी अगली फिल्म 'रागिनी 3' का ऐलान करते हुए मैं बहुत उत्साहित हूं. यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी. मुझे यह मौका देने के लिए एकता कपूर मैम, बालाजी मोशन पिक्चर्स, श्रुति महाजन और हमारे निर्देशक शशांक घोष सर की मैं हमेशा आभारी रहूंगी. बाकी तुम लोग अपने प्यार से संभाल लेना दोस्तों.'

फिल्म मेकर को दिल से कहा- धन्यावाद

महवश की इस पोस्ट पर उनके फैंस और कई सेलेब्स उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं. बता दें, कि महवश इससे पहले वेब सीरीज 'सतरंगी बदले का खेल' में नजर आई थीं. इस सीरीज को मई में रिलीज किया गया था, जिसमें उनके काम को दर्शकों ने पसंद किया. अब वह 'रागिनी 3' के जरिए बड़े पर्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं.

---विज्ञापन---

फैंस को फिल्म का इंतजार

'रागिनी' फ्रेंचाइजी लंबे समय से अपने सस्पेंस, हॉरर और थ्रिलर अंदाज के लिए जानी जाती रही है. ऐसे में इस सीरीज की नई फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है. वहीं, आरजे महवश की एंट्री ने इस प्रोजेक्ट को और भी चर्चा में ला दिया है. अब फैंस को इंतजार है कि फिल्म की बाकी स्टारकास्ट, कहानी और रिलीज डेट से जुड़ी जानकारी कब सामने आएगी. फिलहाल, महवश का यह ऐलान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

---विज्ञापन---