Ranveer Singh News: रणवीर सिंह इन दिनों अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं. 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी की सफलता के बाद उन्होंने एक ऐसा प्रोजेक्ट हाथ में लिया है, जिसकी चर्चा सालों से फिल्म गलियारों में थी. रणवीर सिंह ने अमीश त्रिपाठी की 'द इम्मोर्टल्स ऑफ मेलुहा' के राइट्स खरीद लिए हैं और वे इसे बिरला स्टूडियोज के साथ मिलकर प्रोड्यूस करेंगे. यह फिल्म एक भव्य 'सिनेमैटिक यूनिवर्स' का हिस्सा होगी, जिसे तीन भागों (Trilogy) में बनाया जाएगा. फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि रणवीर खुद स्क्रीन पर 'महादेव' के रूप में नजर आएंगे. फिलहाल फिल्म के स्क्रीनप्ले पर काम चल रहा है और इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है.
रणवीर सिंह ने खरीदे राइट्स
'पिंकविला' की रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह ने इस किताब के राइट्स के लिए मोटी रकम चुकाई है. वे इसे अपने प्रोडक्शन हाउस 'मां कसम फिल्म्स' के बैनर तले बिरला स्टूडियोज के साथ मिलकर बनाएंगे. यह प्रोजेक्ट फिलहाल डेवलपमेंटल स्टेज में है.
तीन भागों में बनेगी ट्रिलॉजी
मेकर्स की योजना इस कहानी को एक लॉन्ग-टर्म सिनेमैटिक यूनिवर्स के रूप में विकसित करने की है. अमीश त्रिपाठी की किताब की गहराई को देखते हुए इसे तीन भागों में रिलीज किया जाएगा, ताकि महादेव के सफर को विस्तार से दिखाया जा सके.
2028 में शुरू होगी शूटिंग
फिल्म का लेखन और स्क्रीनप्ले डेवलप करने का काम शुरू हो चुका है. सोर्स के मुताबिक, फिल्म के पहले पार्ट की शूटिंग साल 2028 में शुरू होने की उम्मीद है. फिलहाल टीम इस पौराणिक दुनिया को जीवंत करने के लिए विजुअल्स और स्क्रीनप्ले पर ध्यान केंद्रित कर रही है.
रणवीर बनेंगे 'शिव'
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी हाइलाइट रणवीर सिंह का मुख्य किरदार है. वे फिल्म में भगवान शिव (महादेव) की भूमिका निभाएंगे. अन्य कलाकारों की कास्टिंग और निर्देशक का नाम स्क्रीनप्ले फाइनल होने के बाद तय किया जाएगा.
रणवीर के अन्य पाइपलाइन प्रोजेक्ट्स
'मेलुहा' पर काम शुरू करने से पहले रणवीर कई बड़े प्रोजेक्ट्स पूरे करेंगे. वे अगस्त 2026 में जय मेहता की फिल्म 'प्रलय' की शूटिंग शुरू करेंगे. इसके बाद 2027 में वे आदित्य धर की एक मेगा बजट फिल्म की शूटिंग में व्यस्त होंगे.
क्या है 'द इम्मोर्टल्स ऑफ मेलुहा' की कहानी?
यह अमीश त्रिपाठी की 'शिवा ट्रिलॉजी' की पहली किताब है, जो 1900 ईसा पूर्व की सिंधु घाटी सभ्यता (मेलुहा) पर आधारित है. यह एक काल्पनिक कहानी है जो दिखाती है कि कैसे एक साधारण इंसान अपने असाधारण कर्मों और संघर्षों से 'महादेव' बन जाता है.