आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म धुरंधर द रिवेंज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और यह रिलीज के बाद से ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. फिल्म एक ओर जहां बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्म कर रही है. वहीं दूसरी ओर यह विवादों से घिर गई है. फिल्म के एक सीन पर जमकर विवाद खड़ा हो गया है और इससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है. इस सीन को लेकर शिवसेना नेता गुरज्योत सिंह कीर ने भी आपत्ति जताई है.
इस सीन पर मचा बवाल
दरअसल, गुरज्योत सिंह कीर ने गुरबानी के आपत्तिजनक इस्तेमाल के लिए फिल्म निर्माताओं की आलोचना की है. यह सीन कुछ ऐसा है जब अजय सान्याल बने आर माधवन जसकिरत सिंह रंगी यानी कि रणवीर सिंह को मिशन पर जाने के लिए प्रेरित करने के लिए गुरबानी का एक श्लोक पढ़कर सुनाते हैं. जब जसकिरत अजय के धुरंधर मिशन को यह कहते हुए मना कर देता है कि उन्होंने हार मान ली है और वाहेगुरु में विलीन होना चाहते हैं, तो सान्याल उन्हें सिखों के योद्धा भाव की याद दिलाते हैं और ‘सूरा सो पेचनियो, जो लड़े दीन के हेत, पुर्जा पुर्जा कट मारे, कभू ना चढ़े खेत’ का पाठ करते हैं. इस दौरान माधवन सिगरेट पीते हैं और उसके बाद ही यह श्लोक पढ़कर सुनाते हैं.
गुरज्योत ने गुरबानी वाले सीन पर जताई आपत्ति
गुरज्योत ने अपने इंस्टाग्राम पर इस सीन पर आपत्ति जताई है और फिल्म के निर्माताओं से माफी की मांग की है. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा, ” आर माधवन द्वारा निभाया गया किरदार रणवीर सिंह से सिगरेट पीते हुए और गुरु गोविंद सिंह जी की रचित दशम ग्रंथ साहिब की पवित्र गुरबानी ‘सूरा सो पहचानिये जो लड़े दीन के हेत’ का पाठ करते हुए दिखाना बहुत दुखद और अस्वीकार्य है.” गुरज्योत ने आगे इस श्लोक का महत्व बताया. उन्होंने इस बात पर जोर दिया और बताया कि यह बानी गुरु गोविंद सिंह जी की शिक्षाओं से इंस्पायर है. उन्होंने लिखा, ” यह सिर्फ संवाद नहीं है. यह दिव्य है.”कई श्रद्धालुओं के लिए शब्द के सार को लापरवाही से कमजोर करने के लिए फिल्म की आलोचना की.
पुलिस में दर्ज हुई शिकायत
बता दें कि इस पूरे मामले में ‘सिख्स इन महाराष्ट्र’ संगठन ने मुंबई के मुलुंड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और गुरज्योत खुद ही इस संगठन के अध्यक्ष हैं.हालांकि गुरज्योत के इस बयान पर अभी तक मेकर्स का कोई भी रिएक्शन नहीं आया है.
फिल्म ने अब तक कमा डाले इतने करोड़
वहीं, फिल्म के कलेक्शन को लेकर बात करें तो यह मूवी लगातार अच्छा परफॉर्म कर रही है. फिल्म ने ओपनिंग डे पर 103 करोड़ और पेड़ प्रीव्यू के साथ 43 करोड़ कमाए थे. इस तरह से मूवी ने पहले दिन 145 करोड़ का कलेक्शन किया था. वहीं, फिल्म ने दूसरे दिन 81 करोड़, तीसरे दिन 109 करोड़ और चौथे 113 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया. फिल्म ने महज चार दिनों 690 करोड़ से ऊपर का कारोबार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- ‘Dhurandhar 2’ से Ranveer Singh का खतरनाक लुक वायरल, किलोभर मेकअप लगाकर बने थे डरावने भूत, देखें वीडियो