नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. इस बीच रावण का किरदार निभा रहे यश ने साई पल्लवी को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. उन्होंने बताया कि आखिर माता सीता के रोल के लिए साई पल्लवी उन्हें परफेक्ट क्यों लगीं. इतना ही नहीं, यश ने दर्शकों से एक्ट्रेस को प्यार और आशीर्वाद देने की अपील भी की है.

क्यों परफेक्ट हैं साई माता सीता के रोल के लिए?

फिल्म 'रामायण' में साई पल्लवी को माता सीता के किरदार में देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं. हालांकि, जब उनके नाम का ऐलान हुआ था, तब कुछ लोगों ने उनकी कास्टिंग पर सवाल भी उठाए थे. अब यश ने एक्ट्रेस की तारीफ करते हुए बताया है कि वह इस किरदार के लिए बेहतरीन पसंद हैं.

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में खुलासा

फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान यश ने साई पल्लवी के धार्मिक स्वभाव और भगवान के प्रति उनकी आस्था का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि साई पल्लवी को जब भी समय मिलता है, वह भगवान को याद करती हैं. भगवान के प्रति उनकी श्रद्धा और विश्वास काफी खास है.

यश ने दर्शकों से की ये खास अपील

यश के मुताबिक, साई पल्लवी में इस किरदार को निभाने का हुनर तो है ही, साथ ही उनका दिल भी बहुत अच्छा है. यही खूबियां उन्हें माता सीता की भूमिका के लिए खास बनाती हैं. यश ने कहा कि उन्हें खुशी है कि साई पल्लवी को यह किरदार निभाने का मौका मिला है. साथ ही उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे एक्ट्रेस को इस भूमिका में खूब प्यार दें और अपना आशीर्वाद बनाए रखें.

रणबीर कपूर भी कर चुके हैं साई पल्लवी की तारीफ

ऐसा पहली बार नहीं है, जब साई पल्लवी की कास्टिंग को लेकर किसी बड़े स्टार ने अपनी राय रखी है. इससे पहले भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर भी एक्ट्रेस की तारीफ कर चुके हैं.

रणबीर कपूर कर चुके साई का तारीफ

लॉस एंजिल्स में हुए इवेंट के दौरान रणबीर ने बताया था कि जब उन्होंने पहली बार साई पल्लवी को माता सीता के गेटअप में देखा था, तो वो हैरान रह गए थे. उन्होंने नितेश तिवारी की तरफ देखते हुए महसूस किया कि इस किरदार के लिए साई पल्लवी से बेहतर सेलेक्शन शायद ही कोई हो सकता था.

रणबीर के बाद यश का आया रिएक्शन

रणबीर के इस रिएक्शन के बाद अब यश की तारीफ ने भी साई पल्लवी को चर्चा में ला दिया है. ऐसे में फैंस यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि बड़े पर्दे पर वह माता सीता के किरदार को किस तरह निभाती हैं.

इन सितारों से सजी है 'रामायण'

नितेश तिवारी की इस फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. इनके अलावा सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, अरुण गोविल राजा दशरथ, कुणाल कपूर इंद्र और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा का किरदार निभाएंगे. वहीं फिल्म 5 नवंबर को थिएटर में रिलीज को तैयार है. अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म को दर्शकों से कैसा प्यार मिलता है.