Ramayana CBFC Certificate: सिनेमा जगत से इस वक्त की सबसे धमाकेदार खबर सामने आ रही है. रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), साई पल्लवी (Sai Pallavi) और यश (Yash) स्टारर निर्देशक नितेश तिवारी की मेगा-बजट फिल्म 'रामायण' (Ramayana) को सेंसर बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी मिल चुकी है. 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस महाकाव्य फिल्म को CBFC ने 'U' सर्टिफिकेट दिया है, यानी परिवार के सभी सदस्य बिना किसी झिझक के इस सिनेमैटिक वंडर का लुत्फ उठा सकेंगे. आइए जानते हैं फिल्म का रनटाइम कितना होगा…
सेंसर बोर्ड से मिला U सर्टिफिकेट
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 'रामायण' की सेंसर प्रक्रिया 30 अक्टूबर को पूरी हो गई है. फिल्म को 'U' सर्टिफिकेट दिया गया है, जिसका मतलब है कि बच्चे, बुजुर्ग और युवा, यानी हर आयु वर्ग के लोग इसे आसानी से देख सकते हैं.
3 घंटे 15 मिनट का होगा भव्य सिनेमाई सफर
सीबीएफसी वेबसाइट पर दर्ज जानकारी के मुताबिक, इस भव्य फिल्म का रनटाइम 195 मिनट यानी करीब 3 घंटे 15 मिनट का है. फिल्म की शुरुआत रावण द्वारा तीनों लोकों पर विजय पाने और भगवान विष्णु के राम रूप में अवतार लेने की पौराणिक गाथा से होगी.
IMAX 3D समेत कई फॉर्मेट्स में होगी रिलीज
'रामायण' को केवल सामान्य सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे 2D, 3D, IMAX 3D, 4DX 3D और 3D ScreenX जैसे आधुनिक फॉर्मेट्स में रिलीज किया जाएगा. इसकी भारी डिमांड के कारण हॉलीवुड फिल्म 'गॉडजिला माइनस जीरो' की रिलीज डेट को भी आगे बढ़ाकर 20 नवंबर कर दिया गया है.
छह भाषाओं में दुनियाभर में मचाएगी धमाल
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को हिंदी के अलावा तमिल, कन्नड़, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी समेत कुल छह भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है, जिससे ग्लोबल ऑडियंस को भी जोड़ा जा सके.
स्टार-स्टडेड कास्ट और दमदार किरदार
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और साउथ सुपरस्टार यश खूंखार रावण के किरदार में नजर आएंगे. इनके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और लारा दत्ता जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं.