Ramayana AI Controversy: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है. फिल्म के ग्रैंड प्रीमियर से लेकर इसके VFX और तकनीक तक, हर चीज पर फैंस की नजर है. इसी बीच फिल्म में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. सोशल मीडिया पर कुछ लोग फिल्म में AI के इस्तेमाल को लेकर चर्चा कर रहे हैं. अब डायरेक्टर नितेश तिवारी ने इस मामले पर अपनी बात रखी है और बताया है कि फिल्म में इस तकनीक का इस्तेमाल आखिर किस काम के लिए किया गया है.

'रामायण' में AI का कहां हुआ इस्तेमाल?

27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में 'रामायण' का ग्रैंड प्रीमियर किया गया. इस दौरान फिल्म की टीम ने शिरकत की. इसी मौके पर डायरेक्टर नितेश तिवारी ने फिल्म में AI के इस्तेमाल को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया. उन्होंने साफ किया कि फिल्म बनाने के लिए हर चीज AI से तैयार नहीं की गई है, बल्कि इसका इस्तेमाल अलग-अलग भाषाओं में डबिंग के दौरान लिप-सिंक को बेहतर बनाने के लिए किया गया है.

नितेश तिवारी के मुताबिक, फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है. ऐसे में अलग-अलग भाषाओं में डबिंग करते समय कलाकारों के होंठों की हलचल को डायलॉग के साथ मिलाने के लिए AI की मदद ली गई है. उन्होंने यह भी साफ किया कि फिल्म में आवाजें कलाकारों ने खुद दी हैं. यानी AI का इस्तेमाल आवाजें बनाने के बजाय दूसरी भाषाओं में लिप-सिंक बेहतर करने के लिए किया गया है.

'आदिपुरुष' से तुलना के बीच सफाई

दरअसल, 'रामायण' पर आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा रहती हैं. इससे पहले प्रभास की फिल्म 'आदिपुरुष' को उसके VFX और किरदारों को लेकर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. बहरहाल, नितेश तिवारी के बयान से फिल्म में AI के इस्तेमाल को लेकर स्थिति कुछ हद तक साफ हुई है. हालांकि, फिल्म की तकनीक और विजुअल्स दर्शकों को कितने पसंद आते हैं, इसका पता रिलीज के बाद ही चलेगा.

कब रिलीज होगी 'रामायण'?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को दो भागों में पेश किया जाएगा. फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को रिलीज होने वाला है.