रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' ने रिलीज से पहले ही तहलका मचा दिया है, बॉक्स ऑफिस पर धन की वर्षा हो रही है, इसे देखकर ये कहना गलत नहीं होगा कि श्रीराम की कृपा जरूर बरस रही है, ऐसा हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि इसके एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने पूरी तस्वीर को साफ कर दिया है. अब तक सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में पहले दिन 7.10 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है.

इन फॉरमेट में पेश होगी फिल्म

आपको जानकर हैरानी होगी, कि फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकटों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है. खास बात ये है कि फिल्म के कुछ प्रीमियम टिकटों की कीमत तो 3,000 रुपये के पार तक पहुंच गई है. ऐसे में दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट का लेवल काफी हाई देखने को मिल रहा है. मेकर्स ने फिल्म को भव्य रूप देने के लिए इसे 2D, 3D और IMAX जैसे फॉर्मेट में पेश किया है. हालांकि, टिकटों की कीमत शहर, सिनेमाघर, सीट और शो के समय के हिसाब से अलग-अलग है.

कितने रुपये से टिकट की हुई शुरुआत?

मुंबई के चर्चगेट स्थित इरोज INOX IMAX में फिल्म के 3D शो के टिकट 530 रुपये से शुरू हो रहे हैं, जबकि प्रीमियम रिक्लाइनर सीट के लिए दर्शकों को 3,170 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं.

दिल्ली में सबसे ज्यादा टिकटों की हुई बिक्री?

दिल्ली के PVR ECX चाणक्यपुरी में सुबह के 3D शो के टिकट की कीमत GST से पहले करीब 339 से 407 रुपये के बीच बताई गई है. वहीं, देर रात के शो के लिए यह कीमत लगभग 475 से 559 रुपये तक है. IMAX शो के टिकटों की कीमत सीट और समय के अनुसार 600 से 2,400 रुपये तक पहुंच रही है.

टिकटों के दाम बढ़ने से दर्शक हैरान

फिल्म की टिकट कीमतों को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है. कुछ यूजर्स का दावा है कि जिन टिकटों की कीमत पहले करीब 800 रुपये थी, वह कुछ ही घंटों में बढ़कर 1,200 रुपये तक पहुंच गई. इसके अलावा ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर लगने वाली कन्वीनिएन्स फीस को लेकर भी दर्शकों ने चिंता जताई है. हालांकि, टिकटों की कीमतों में बदलाव के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है.

एडवांस बुकिंग में कितनी हुई कमाई?

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन की एडवांस बुकिंग से करीब 7.10 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है. ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा लगभग 5.17 करोड़ रुपये बताया गया है. शुरुआती आंकड़े फिल्म के लिए दर्शकों की दिलचस्पी दिखाते हैं, लेकिन रिलीज तक बुकिंग में और बदलाव हो सकता है.

कब रिलीज होगी 'रामायण'?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे और अनुपम खेर समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म 5 नवंबर 2026 को भारत और विदेशी बाजारों में रिलीज होने वाली है. अब देखना होगा कि बड़े बजट और महंगे टिकटों के बीच 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी ओपनिंग दर्ज करती है.