Ramayana Actress Kajal Aggarwal Recall Crane Accident: साउथ सिनेमा की फीमेल स्टार काजल अग्रवाल इन दिनों हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'रामायण' में मंदोदरी के किरदार में नजर आ रही हैं. फिल्म में रावण बने यश के साथ उनकी जोड़ी को लोग बहुत ही पसंद कर रहे हैं. हाल ही में काजल अग्रवाल ने अपने साथ हुए एक खौफनाक हादसे के बारे में बताया. काजल ने बताया कि एक बार फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें उनकी जान जाते-जाते बची. काजल के अनुसार, उस दौरान वो मौत को छूकर आई थीं. चलिए जानते हैं कि आखिर काजल अग्रवाल के साथ ये हादसा कब और कहां हुआ?
हादसे में तीन क्रू मेंबर मारे गए
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस काजल अग्रवाल ने शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे के बारे में बताया. डरावनी घटना को याद करते हुए काजल ने बताया कि फरवरी 2020 में कमल हासन की फिल्म 'इंडियन 2' के सेट पर उनके साथ एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें उनकी जान तो बच गई, लेकिन एक असिस्टेंट डायरेक्टर और टेक्नीशियन समेत तीन क्रू मेंबर मारे गए. जबकि 9 लोग घायल हो गए.
100 फुट की क्रेन गिरी…
उस हादसे को याद करते हुए काजल अग्रवाल ने कहा, 'यह न्यूज में था; 'इंडियन 2' के सेट पर एक बहुत बड़ा एक्सीडेंट हुआ था. एक 100-फुट की क्रेन गिर गई थी और सेट पर तीन लोगों की जान चली गई थी और जिसमें मैं सबसे पहले मरने वाली होती. सच में, मुझे नहीं पता कि मैं कैसे जिंदा हूं, लेकिन मैं कसम खाती हूं, एक हाथ था जिसने मुझे बाहर निकाला.'
रहस्यमयी हाथ ने बचाई जान
काजल ने आगे कहा, 'सच में, तभी मैंने सोचा, ‘मैं किससे भाग रही हूं? बस एक बार मुड़कर देख लेती हूं.' मैंने अपना सिर पीछे घुमाया, और मैंने देखा कि एक 100 फीट की क्रेन मेरी तरफ गिर रही है. यह सब एक पल में हुआ. मैंने उसे गिरते देखा और मैं डर के मारे जम गई. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा था. उस समय, किसी ने मुझे उस टेंट से बाहर खींच लिया और क्रेन मेरे ठीक बगल में गिर गई. मैं उसे देख रही थी और कांप रही थी. मेरे आस-पास कोई नहीं था. मेरा स्टाफ मुझे देखने के लिए दौड़कर आया. मैंने अपने स्टाफ से पूछा कि क्या उन्होंने मुझे बाहर निकाला, लेकिन वो सब दूर थे. मैं सोच रही थी कि मुझे किसने निकाला.'