---विज्ञापन---

‘चोर तो मैं हूं भाई साहब’, तिहाड़ जेल में बंद Rajpal Yadav का ये बयान सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

Rajpal Yadav Controversy: चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वो खुद को 'चोर' बता रहे हैं. फिलहाल प्रशंसकों और बॉलीवुड साथियों को पूरी उम्मीद है कि सोमवार को अदालत से उन्हें राहत मिलेगी और वह जल्द ही वापस लौटकर दर्शकों का 'दिल चुराने' का अपना काम फिर से शुरू करेंगे.

Rajpal Yadav Controversy: सिनेमा जगत के दिग्गज कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद राजपाल की जमानत पर सबकी नजरें टिकी हैं. इसी बीच, एक्टर का एक ढाई साल पुराना बयान इंटरनेट पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुद को 'चोर' स्वीकार किया था.

क्या था वो वायरल बयान?

तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद से ही राजपाल यादव के पुराने इंटरव्यू खंगाले जा रहे हैं. इसी दौरान उनका एक ढाई साल पुराना इंटरव्यू चर्चा में आ गया. इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि शिकायतकर्ता (कर्ज देने वाली कंपनी) उन्हें 'चोर' कह रही है, तो इस पर उनकी क्या राय है?

---विज्ञापन---

दिल चुराने वाला 'छलिया'

राजपाल ने इस गंभीर आरोप का जवाब बेहद दार्शनिक और मजाकिया अंदाज में दिया था. उन्होंने कहा था, "चोर तो मैं हूं भाई साहब, बचपन से चोर हूं, लंबा वाला चोर हूं. छलिया हूं, क्योंकि जिस महफिल में मैं खड़ा हो जाता हूं, वहां मौजूद लोगों का दिल चुरा लेता हूं." उन्होंने आगे कहा कि दिल चुराने की यह आदत उनकी हमेशा रहेगी, लेकिन जहां तक 5 करोड़ के इस कानूनी मामले की बात है, वह उन्हें कमजोर नहीं कर सकता.

---विज्ञापन---

20 साल पुराना विवाद और आज के हालात

यह विवाद करीब दो दशक पुराना है, जो राजपाल की निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए लिए गए लोन से शुरू हुआ था. समय के साथ ब्याज और कानूनी पचड़ों के कारण यह रकम 5 करोड़ से बढ़कर 9 करोड़ रुपये हो गई है. राजपाल ने कानून का सम्मान करते हुए खुद को सरेंडर किया, जो उनकी ईमानदारी को भी दर्शाता है.

16 फरवरी को अगली सुनवाई

राजपाल यादव की जमानत याचिका पर अब 16 फरवरी (सोमवार)को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है. पिछला शुक्रवार उनके लिए राहत भरा नहीं रहा क्योंकि कोर्ट ने फिलहाल कोई आदेश नहीं सुनाया. अब सोमवार को शिकायतकर्ता पक्ष अपनी दलीलें रखेगा.

सितारों का साथ और उम्मीद की किरण

इस मुश्किल घड़ी में राजपाल यादव अकेले नहीं हैं. सलमान खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन, सोनू सूद और वरुण धवन जैसे बड़े सितारों ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है. जिस तरह से फिल्म इंडस्ट्री उनके समर्थन में 'चट्टान' बनकर खड़ी हुई है, उससे यह उम्मीद काफी प्रबल हो गई है कि सोमवार की सुनवाई में उन्हें जमानत मिल सकती है.


Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 and Download our - News24 Android App. Follow News24 on Facebook, Telegram, Google News.

---विज्ञापन---