---विज्ञापन---

3 बजे का अल्टीमेटम! राजपाल यादव की रिहाई के बीच फंसा 1.5 करोड़ का पेच, क्या आज बाहर आ पाएंगे अभिनेता?

Rajpal Yadav Latest News: 9 करोड़ के चेक बाउंस केस में जेल में बंद राजपाल यादव के लिए आज का दिन बेहद अहम है. भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए उन्हें आज 3 बजे तक 1.5 करोड़ रुपये जमा करने होंगे. पूरी इंडस्ट्री अब उनकी रिहाई की दुआ कर रही है.

Rajpal Yadav Bail Hearing: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों एक गंभीर कानूनी संकट और चेक बाउंस मामले को लेकर सुर्खियों में हैं. 9 करोड़ रुपये के कर्ज के इस मामले में उनकी जमानत को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में गहमागहमी तेज है. आज, 16 फरवरी 2026 को कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत के लिए एक कड़ी शर्त रखी है.

1.5 करोड़ का डिमांड ड्राफ्ट और भतीजी की शादी

राजपाल यादव ने 19 फरवरी को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत की अर्जी दी है. दिल्ली हाई कोर्ट ने आज दोपहर 3 बजे तक 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि समय सीमा के भीतर ड्राफ्ट जमा हो गया, तो उन्हें रिहा किया जाएगा, अन्यथा सुनवाई कल यानी 17 फरवरी तक टाल दी जाएगी.

---विज्ञापन---

कोर्ट की सख्त फटकार: "जेल में अपनी हरकतों की वजह से हैं"

पिछली सुनवाई में कोर्ट ने राजपाल को कड़ी फटकार लगाई थी. कोर्ट का कहना था कि एक्टर को कर्ज चुकाने के 25-30 मौके दिए गए, लेकिन उन्होंने इतनी मोहलतों के बावजूद पैसा नहीं लौटाया. जब राजपाल ने अपनी सजा रद्द करने की मांग की, तो कोर्ट ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, "आप जेल में कोर्ट के आदेश की वजह से नहीं, बल्कि अपनी हरकतों की वजह से हैं. जब कर्ज लेना कबूल कर चुके हैं, तो अब सजा रोकने की मांग क्यों?"

---विज्ञापन---

कैसे शुरू हुआ यह विवाद?

विवाद की जड़ साल 2012 में आई फिल्म 'अता पता लापता' है, जिसे राजपाल ने निर्देशित किया था. फिल्म बनाने के लिए उन्होंने 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म फ्लॉप हो गई और राजपाल भारी नुकसान में डूब गए. वक्त के साथ ब्याज जुड़ते-जुड़ते यह रकम 9 करोड़ रुपये पहुंच गई. पैसा न चुका पाने के कारण 2018 में उन पर लीगल एक्शन हुआ और अब उन्हें सरेंडर करना पड़ा.

फिल्मी सितारे आए मदद के लिए आगे

मुश्किल के इस वक्त में राजपाल यादव को पूरी फिल्म इंडस्ट्री और कई राजनेताओं का समर्थन मिल रहा है. सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, सोनू सूद, मीका सिंह और गुरु रंधावा जैसे सितारों ने मदद का हाथ बढ़ाया है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (FWICE) ने भी लोगों से राजपाल की सहायता करने की अपील की है. उनकी पत्नी ने इस मुश्किल घड़ी में साथ देने वाले सभी सेलिब्रिटीज का आभार व्यक्त किया है.


Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 and Download our - News24 Android App. Follow News24 on Facebook, Telegram, Google News.

---विज्ञापन---