देसी कॉमेडी, इमोशनल ड्रामा और जबरदस्त अफरा-तफरी से भरी फिल्म 'रजनी की बारात' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है. उल्का गुप्ता स्टारर इस फिल्म का ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है. करीब 2 मिनट 27 सेकंड का ये ट्रेलर रोमांस, पारिवारिक ड्रामा, कॉमिक कन्फ्यूजन और आखिर में होने वाली फायरिंग के साथ दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा देता है.
क्या कहानी बयां कर रहा ट्रेलर?
ट्रेलर की शुरुआत एक पंडित के डायलॉग से होती है, जहां वो कहता है, कि 'कुंडली में ऐसा कोई योग नहीं कि घर पर बारात आएगी.' इसके बाद कहानी में इमोशनल ट्विस्ट आता है, जब रजनी की मां का किरदार निभा रहीं सुनीता राजवार (Sunita Rajwar) अपनी बेटी की शादी को लेकर भावुक हो जाती हैं. वहीं दिग्गज अदाकारा ज़रीना वहाब भी दमदार अंदाज में नजर आती हैं.
फिल्म में दिखा बिहार का देसी माहौल
फिल्म में बिहार के देसी माहौल, वहां की बोली और पारिवारिक कल्चर को काफी मजेदार अंदाज में दिखाया गया है. ट्रेलर में रजनी और रज्जन की लव स्टोरी भी दिखाई गई है, लेकिन कहानी सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं रहती. अचानक कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो ट्रेलर को और दिलचस्प बना देते हैं.
क्या है रजनी की अनोखी बारात?
सबसे बड़ा सवाल यही है, कि आखिर रजनी अपनी बारात खुद निकालने का फैसला क्यों करती है? और उसकी इस अनोखी बारात के रास्ते में इतनी मुश्किलें क्यों आती हैं? ट्रेलर इन सवालों का जवाब नहीं देता, लेकिन दर्शकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा देता है.
ट्रेलर के आखिर में क्या दिखा खास?
फिल्म में अश्वथ भट्ट का किरदार भी काफी दमदार नजर आ रहा है. ट्रेलर के आखिर में अचानक होने वाली फायरिंग कहानी को बड़ा ट्विस्ट दे देती है, और यहीं फिल्म का सस्पेंस और बढ़ जाता है.
उल्का गुप्ता ने क्या कहा?
ट्रेलर लॉन्च के दौरान उल्का गुप्ता ने कहा कि रजनी का किरदार एक ऐसी लड़की का है, जो अपने प्यार और सपनों के लिए किसी भी हद तक जा सकती है. उनके मुताबिक फिल्म में इमोशन, कॉमेडी और पागलपन का मजेदार कॉम्बो देखने को मिलेगा.
कैसी है स्टारकास्ट ?
एपीफनी एंटरटेनमेंट (Epiphany Entertainment) के बैनर तले बनी इस फिल्म को आदित्य अमन ने डायरेक्ट किया है, जबकि तनाया अडारकर और तेज एच. अडारकर इसके प्रोड्यूसर हैं. फिल्म में उल्का गुप्ता के साथ कनिष्क, इशिता सिंह, सुनीता राजवार, जरीना वहाब और अश्वथ भट्ट अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. बता दें, फिल्म 'रजनी की बारात' 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.