Rahul Roy Reveals Financial Struggle: बॉलीवुड के फेमस ‘आशिकी बॉय’ उर्फ एक्टर राहुल रॉय एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. दरअसल, हाल ही में एक्टर राहुल रॉय ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनके घर की माली हालत पूरी तरह से चरमरा गई थी. इस दौरान राहुल रॉय ने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने और घर की रोजी-रोटी चलाने के लिए उन्होंने शादियों और बाकी इवेंट्स में डांस परफॉर्म करना शुरू किया. चलिए जानते हैं कि आखिर उन्होंने अपने बारे में क्या कुछ बताया है.

मेरे पास काम नहीं…

टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में राहुल ने अपनी आर्थिक परेशानियों और तलाक के बारे में खुलकर बात की. अपने मौजूदा एक्टिंग करियर पर बात करते हुए राहुल ने कहा, 'पिछले 5 साल मेरे लिए एक तरह से ब्रेक की तरह रहे, क्योंकि मैं आराम कर रहा था. मेरे पास काम नहीं था. अगर ऐसा न होता तो मैं और भी बहुत कुछ कर चुका होता. लेकिन अब मुझे कुछ काम मिलना शुरू हो गया है. मैं और भी बहुत कुछ करना चाहता हूं. सेट पर वापस आकर और कैमरे के सामने आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है. मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया है. फिल्मों में अपने 37 साल के सफर में, मेरा मानना ​​है कि मैंने कुछ अच्छा काम किया है. अब मैं और भी काम करने के लिए एक्साइटेड हूं.'

---विज्ञापन---

शादियों में नाचकर मैं…

इस दौरान अपनी माली हालत के बारे में बात करते हुए राहुल ने कहा, 'मेरे खर्चे हैं और मुझे पैसों की जरूरत है. साल 2020 में ब्रेन स्ट्रोक के बाद मुझे काम मिलना मुश्किल हो गया था. तब से पांच साल बीत चुके हैं और मैं किसी तरह गुजारा चलाने की कोशिश कर रहा हूं. कभी-कभी शादियों में नाचकर मैं 2 लाख या 4 लाख रुपये कमा लेता हूं. जो लोग मुझे ट्रोल करते हैं, उन्हें नहीं पता कि यह कितनी मेहनत का काम है. मुझे भी अपनी रोजी-रोटी कमानी पड़ती है.'